गली-मोहल्लों से जुटते रहे लोग, उमड़ा हुजूम
0 हर आधे घंटे पर जुलूस की शक्ल में जारी रहा विरोध-प्रदर्शन
प्रयागराज। पुलिस, प्रशासन और पीस कमेटियों की तमाम कवायदों के बावजूद शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद एनआरसी और सीएए के विरोध में शहर के तमाम इलाकों से जुलूस निकले। इसदौरान विरोध-प्रदर्शन के साथ ही जमकर नारेबाजी भी की गई।
जामा मस्जिद चौक पर हुए विरोध प्रदर्शन का मामला थमने के साथ सब कुछ ओके और शांतिपूर्ण मानकर पुलिस और प्र्रशासन ने अभी राहत की सांस ली भी नहीं थी कि चड्ढा रोड से कोतवाली की ओर आने वाले प्रदर्शनकारियों के हुजूम ने पुलिस प्रशासन की बेचैनी बढ़ा दी। अटाला से गोलपार्क होकर जुलूस जब रानीमंडी के नुक्कड़ पर पहुंचा तो पुलिस और आरएएफ के जवानों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की।
इस पर उग्र होकर युवक प्रदर्शन और नारेबाजी करने लगे। आनन फानन में पहुंचे एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने लोगों को समझा-बुझा कर रानीमंडी से रोशन बाग जाने वाली सड़क की ओर मोड़ दिया। लेकिन, इस रास्ते पर आने बढ़ने के बजाय कुछ युवक थोड़ी दूर आगे बढ़कर यादगारे हुसैनी इंटर कॉलेज होते हुए सुहाग स्टोर की ओर निकले। बाकी बचे युवक भी आगे बढ़कर दूसरी गलियों से होते हुए चौक और नखासकोहना की ओर पहुंच गए।
जुलूस की शक्ल में एक बार फिर कोतवाली के करीब पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। एडवोकेट आसिफ इकबाल की अगुवाई में हाथ में पोस्टर लेकर युवाओं ने अपनी आवाज बुलंद की। तिरंगा और तरह-तरह की तख्तियां, पोस्टर लेकर निकले नखासकोहना से कोतवाली की ओर निकले जुलूसों में युवाओं के अतिरिक्त बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी शामिल रहे। तकरीबन हर जुलूस में शामिल होने वालों की संख्या सौ से ज्यादा ही रही। हैरत यह कि एक जुलूस के बाद थोड़ी ही देर में दूसरा जुलूस बारी-बारी से निकलता रहा। जुमे की नमाज के बाद से ही शुरू हुआ जुलूसों का सिलसिला शाम तक जारी रहा।
00 इनसेट
अटाला पर रहा जबर्दस्त जमावड़ा
करेली, खुल्दाबाद, मिर्जा गालिब रोड, रसूलपुर, रोशनबाग, गुलाबबाड़ी, हसन मंजिल आदि मोहल्लों से निकले लोग अटाला पर जुटते रहे। अटाला पर लोगों के जबर्दस्त जमावड़े को डीएम और एसएसपी ने नियंत्रित किया और लोगों से अपने-अपने घर जाने की अपील की। लेकिन, जुलूस की शक्ल में हुजूम अटाला, रानीमंडी, दरियाबाद, पत्थर गली, शाहगंज, दायराशाह अजमल आदि इलाकों से विरोध-प्रदर्शन, नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचता रहा। फिर यहां से जुलूस चौक, जानसेनगंज होकर सुभाष चौराहे पर पहुंचकर सभा में परिवतित हो गया।
00
तरह-तरह नारों में हिन्दू-मुस्लिम भाई-भाई भी
जुलूस के दौरान मोदी, अमित शाह के खिलाफ नारे लगे। आजादी हम लेकर रहेंगे जैसे नारे लगाए गए तो कानून को वापस लेने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने हाथ में तरह-तरह के स्लोगन लिखे हुए पोस्टर ले रखे थे। नारों में हिन्दुस्तान जिंदाबाद, मुसलमान जिंदाबाद के साथ हिन्दू-मुस्लिम भाई-भाई जैसे नारे भी लगे।