सेतु निगम ने मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया है जिससे लोगों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है। बाइक, साइकिल और पैदल जाने वालों पर भी रोक लगाने से लोगों में आक्रोश है। लोगों ने सेतु निगम से साइड रोड देने की मांग की है।
मऊआइमा नगर पंचायत की जनसंख्या लगभग तीस हजार से अधिक है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग प्रयागराज और प्रतापगढ़ राष्ट्रीय मार्ग पर आवागमन के लिए थाना पड़ाव चौराहा से इसी मार्ग से आते-जाते हैं। दस मार्च से ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। बृहस्पतिवार को वन विभाग के पास सड़क को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है। जिससे वन विभाग के अंदर से कच्चे, उबड़-खाबड़ मार्गों से बाइक सवार, पैदल लोगों को अतिरिक्त एक किलो मीटर तक आवागमन करना पड़ रहा है। सेतु निगम के एई सत्यनारायण पांडेय ने बताया कि वहां मार्ग संकरा है। कुछ लोगों ने अतिक्रमण किया है, जो कई बार चेतावनी के बावजूद भी अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं। जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्यवाही करके आवागमन का उपाय किया जाएगा।
बेरिकेडिंग लगाने से थाना, बैंक नहीं जा पा रहे लोग
जनता इंटर मीडिएट काॅलेज और वन विभाग सहित दो स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने से खाताधारकरों को बैंक पहुंचने और पीड़ितों को थाना जाने में दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। कई दुकानदारों की दुकानदारी खराब हो गई है। फोरलेन पर जाने के लिए यात्रियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है।