कीमत किफायती, पूरा होगा अपने घर का सपना
कसारी मसारी आवास योजना में प्रस्तावित आधुनिक समूह आवासीय परियोजना में टू-बीएचके फ्लैट की कीमत काफी किफायती होगी और आम लोगों के लिए अपने घर का सपना पूरा होगा। पीडीए ने सर्वेक्षण के लिए तीन श्रेणियों में फ्लैट की कीमतें अलग-अलग प्रस्तावित की थीं। वन-बीएचके फ्लैट का अनुमानित मूल्य 20 लाख, टू-बीएचके का 25 लाख और थ्री-बीएचके का अनुमानित मूल्य 50 लाख रुपये निर्धारित किया गया था। परियोजना में अब केवल टू-बीएचके फ्लैट ही बनाए जाने हैं। पीडीए ने टू-बीएचके फ्लैट की जो कीमत निर्धारित की है, वह निजी ग्रुप हाउसिंग के मुकाबले काफी कम है। निजी ग्रुप हाउसिंग में टू-बीएचके फ्लैट की कीमत एक करोड़ रुपये तक है।
10 मिनट में पूरी होगी रेलवे स्टेशन की दूरी
कसारी मसारी में प्रस्तावित आवासीय परियोजना स्थल से रेलवे जंक्शन तक की दूरी महज 10 मिनट में पूरी हो जाएगी। वहीं, हाईकोर्ट, सिविल लाइंस बस अड्डा तक पहुंचने में भी मात्र 10 से 15 मिनट लगेंगे।
सर्वेक्षण में शामिल एक हजार से अधिक लोगों के सुझाव के आधार पर टू-बीएचके के 600 फ्लैट बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। इसका मानचित्र स्वीकृत कर दिया गया है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। - ऋषि राज, उपाध्यक्ष, पीडीए