पीसीएस-2019 का इंटरव्यू बृहस्पतिवार को पूरा हो गया। परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम इसी माह जारी कर दिया जाएगा। इस परीक्षा के तहत कुल 433 पदों पर भर्ती की जानी है। हालांकि इंटरव्यू 388 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित किया गया। बाकी 65 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार का प्रावधान नहीं है। इन पदों पर अंतिम चयन मुख्य परीक्षा के आधार पर किया जाएगा।
पीसीएस-2019 का साक्षात्कार 28 जनवरी से शुरू हुआ था। मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किए गए 811 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया गया था। इस दौरान केवल तीन अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बाकी सभी 808 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हुए। अंतिम दिन इंटरव्यू के लिए 97 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था और उपस्थिति शत प्रतिशत रही। इंटरव्यू केवल सात दिन में पूरा हो गया, क्योंकि वर्तमान में आयोग में सदस्यों की संख्या पर्याप्त है और ऐसे में पूर्व में हुई परीक्षाओं के मुकाबले इस बार इंटरव्यू रिकार्ड समय में पूरा करा लिया गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार इंटरव्यू में ऐसे सवाल ज्यादा पूछे गए, जो अभ्यर्थियों की योग्यता, दक्षता और क्षमता को और बेहतर तरीके से परख सकते हैं। ज्यादातर सवाल इस प्रकार के रहे, जिनका जवाब किसी किताब में मिल पाना मुश्किल है, बल्कि अभ्यर्थियों को अपने विवेक से सवालों का जवाब देना था। इंटरव्यू में शुरुआत से ही किसान आंदोलन से जुड़े सवाल छाए रहे। इसके अलावा केंद्र सरकार की कई योजनाओं से जुड़े सवाल भी पूछे गए। बृहस्पतिवार को एक अभ्यर्थी से सवाल किया गया कि अपनी कोई ऐसी खासियत बताएं जो आपको अच्छा एसडीएम बनाती हो। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति, ग्लोबल वार्मिंग, आयुष्मान भारत आदि से जुड़े सवाल भी पूछे गए।