पीसीएस-2021 और सहायक वन संरक्षक (एसीएफ)/क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ)-2021 की प्रारंभिक परीक्षा अब 24 अक्तूबर को होगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने बृहस्पतिवार को संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया, जिसमें 14 परीक्षाएं शामिल की गईं।
आयोग के संशोधित कैलेंडर में स्टाफ नर्स (पुरुष/महिला) परीक्षा, 2021 को शामिल किया गया है। पूर्व में जारी कैलेंडर में यह परीक्षा शामिल नहीं थी। संशोधित कैलेंडर में स्टाफ नर्स की परीक्षा तीन अक्तूबर को प्रस्तावित है।
यूपीपीएससी ने कोविड के मद्देनजर पूर्व में जारी वर्ष 2021 के कैलेंडर में पांच परीक्षाएं स्थगित की थीं। इनमें इनमें 17 अप्रैल को प्रस्तावित प्रवक्ता, राजकीय डिग्री कॉलेज (स्क्रीनिंग) परीक्षा, 23 मई को प्रस्तावित प्रधानाचार्य श्रेणी-2/उप प्रधानाचार्य/सहायक निदेशक (स्क्रीनिंग) परीक्षा, 30 मई को प्रस्तावित सम्मिलित राज्य कृषि सेवा (स्क्रीनिंग) परीक्षा, 13 जून को प्रस्तावित पीसीएस-2021 एवं एसीएफ/आरएफओ-2021 की प्रारंभिक परीक्षा और 20 जून को प्रस्तावित प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा शामिल थी।
यूपीपीएससी की ओर से जारी संशोधित कैलेंडर के अनुसार अगले नौ माह में कुल 14 परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इस साल जुलाई, अगस्त, सितंबर और अगले साल मार्च में एक-एक परीक्षा और इस वर्ष अक्तूबर, नवंबर, दिसंबर और अगले साल जनवरी एवं अप्रैल में दो-दो परीक्षाएं होंगी।
संशोधित परीक्षा कैलेंडर में पीसीएस-2021 की प्रारंभिक परीक्षा 24 अक्तूबर को प्रस्तावित की गई है, जबकि पूर्व में यह परीक्षा 13 जून को प्रस्तावित थी। आयोग की ओर से परीक्षा की नई तिथि घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों के पास परीक्षा की तैयारी करने के लिए अब भी साढ़े चार माह का वक्त है। पीसीएस के 538 पदों पर भर्ती के लिए छह लाख 91 हजार 173 अभ्यर्थियों ने आवेदन कर रखे हैं।
1. यूनानी चिकित्सा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा, 2018 - 25 जुलाई 2021