रंग पर्व होली पर बाजारों में पिचकारी, रंग और गुलाल खरीदने वालों की भीड़ रविवार देर रात तक जुटी रही। चौक, कटरा बाजार के साथ गली-मोहल्लों के चौराहों, नुक्कड़ों पर सजी दुकानों पर भी भीड़ रही। बच्चों मेें गुब्बारे और खिलौने वाली पिचकारी का क्रेज रहा। कहीं वार्निश की मांग रही तो अच्छी क्वालिटी का सफेदा खरीदने के लिए लोग एक से दूसरी दुकान तक भटके।
बाजारों में पिचकारी, रंग-गुलाल और गुब्बारे की सजी दुकानों पर बड़ों संग आए बच्चों ने अपनी पसंद की पिचकारी खरीदे। कोई भोंपू तो कोई डोरेमॉन वाली पिचकारी मांग रहा था। छोटे बच्चों के लिए बंदूक या अन्य खिलौने वाली पिचकारी खरीदने वाले भी कम नहीं थे। रंग के साथ खिलौने का बच्चों को लुभाता रहा। चौक घंटाघर पर सीजन स्पेशल के कादिर भाई का कहना है कि होली पर बच्चों की पसंद का ख्याल रखा गया। मोदी पिचकारी खूब बिकी। देर रात तक लोग अच्छी गुणवत्ता वाले रंग, गुब्बारे खरीदने के लिए आते रहे। यह क्रम तीन दिन से चल रहा है।
मिठाई की दुकानों पर गुझिया की मांग
हाईटेक दौर में बनाबनाया सामान खरीदने वालों की संख्या बढ़ी है। मिलावट से बचने के लिए ऐसे लोगों की संख्या अधिक रही जिन्होंने आर्डर देकर गुझिया तैयार कराई। वहीं सिविल लाइंस, कटरा स्थित नामचीन मिठाई वालों की दुकान पर गुझिया पैक कराने वालों की भीड़ रही।