माघ मेले के मुख्य स्नान पर्व मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी के मद्देनजर रेलवे द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए कमिश्नर इलाहाबाद आशीष गोयल केनेतृत्व में प्रशासनिक अमला शनिवार को इलाहाबाद जंक्शन पहुंचा। यहां जिला प्रशासन और पुलिस के आला अफसरों ने रेलवे द्वारा माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान तय हुआ कि स्नान पर्वों पर अगर सिटी साइड में यात्रियों की भीड़ बढ़ती है तो सिविल लाइंस में भी प्रवेश केरास्ते खोलकर यात्रियों को सरकुलेटिंग एरिया में रोका (होल्ड) किया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से यात्रियों को छोड़ा जाएगा।
शाम चार बजे बाद जंक्शन पर डीआरएम एसकेपंकज के साथ कमिश्नर, आईजी, डीएम, एसएसपी आदि अफसरों ने सिटी साइड सरकुलेटिंग एरिया से निरीक्षण की शुरुआत की। यहां बनाए गए वॉच टावर में जिला प्रशासन की ओर से किसी भी अफसर के अब तक तैनात न होने से कमिश्नर भड़क गए। उन्होंने वहां रेलवे अफसरों से सामंजस्य बनाने केलिए जिला प्रशासन से एक अफसर तत्काल प्रभाव से तैनात करने को कहा। अफसरों ने जंक्शन पर बनाए अस्थायी यात्री बाड़े को भी देखा। यहां यात्री बाड़े के दाहिने ओर रेलवे द्वारा कुंभ मेले के मद्देनजर निर्माण करवाया जा रहा है।
वहां कमिश्नर ने रेलवे अफसरों को निर्माण कार्य वाले स्थल को कवर्ड करने को कहा। इस दौरान अफसरों को रेलवे द्वारा चौड़ा किया गया लाइन शाह बाबा मजार वाला फुट ओवर ब्रिज दिखाया गया। एनसीआर के पीआरओ अमित मालवीय ने बताया कि कि जंक्शन पर यात्रियों के लिए रूटवार रास्ते बनाए गए हैं। इसके पूर्व डीआरएम ऑफिस में भी रेलवे और जिला प्रशासन के अफसरों की बैठक हुई। बैठक में डीआरएम ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की जद में पूरा जंक्शन है। इसके साथ ही मंडल के सभी स्टेशनों में काफी संख्या में आरपीएफ के जवानों की तैनाती जंक्शन पर की गई है। डाक्टरों की टीम के साथ एंबुलेंस भी लगाई गई है। बैठक एवं निरीक्षण में एडीजी एसन सावंत, आईजी रमित शर्मा, डीएम सुहास एलवाई, एसएसपी आकाश कुलहरि, एडीआरएम एके द्विवेदी, सीनियर डीसीएम बीके मिश्र, सीनियर डीएससी डीके मौर्य आदि अफसर मौजूद रहे।