गिरफ्तार किए गए रामप्रसाद इंटर कॉलेज, चाका के प्रबंधक अनिल पांडेय ने बताया कि उसने अपने केंद्र पर तीन परीक्षार्थियों को पेपर सॉल्व कराए। इनमें मुकेश सिंह यादव, अंकित सिंह यादव और प्रदीप कुमार शामिल हैं। इसी तरह पकडे़ गए शैल शिक्षा निकेतन कॉलेज के प्रबंधक पुनीत सिंह ने बताया कि उसके कॉलेज में चार परीक्षार्थियों को पास कराने का ठेका लिया गया था। इनमें उसके साथ ही गिरफ्तार किया गया अभ्यर्थी मुलायम सिंह यादव भी शामिल था। उधर, गिरफ्तार एक अन्य प्रबंधक शशि प्रकाश शर्मा उर्फ राजू ने बताया कि उसने अपने कॉलेज सावित्री देवी शंकर लाल शर्मा इंटर कॉलेज में दो अभ्यर्थी सेटिंग से बैठाए थे। इनसे परीक्षा पास कराने के एवज में मोटी रकम ली गई थी।
छह परीक्षार्थियों का विवरण जुटा रही पुलिस
एसटीएफ की ओर से दर्ज कराए गए मामले की जांच में जुटी नैनी पुलिस अब इन परीक्षार्थियों से भी पूछताछ की तैयारी में है। इसके लिए उनके बारे में विवेचक जानकारी जुटाने में लगे हैं। सूत्रों का कहना है कि उनके अनुक्रमांक का हवाला देते हुए इस संबंध में जल्द ही अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से पत्राचार किया जाएगा। गौरतलब है कि उसकी ओर से ही परीक्षा आयोजित कराई गई थी। विस्तृत जानकारी मिलने के बाद उनका बयान दर्ज किया जाएगा। संलिप्तता की बात साबित हुई तो उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा। नैनी थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उनसे भी पूछताछ की जाएगी।