panchayat election 2020 preparation
निर्वाचन आयोग ने 30 तक समायोजन का घोषित किया है कार्यक्रम, लेकिन शासन से अभी कोई आदेश नहीं
प्रयागराज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का माहौल अब बनने लगा है, लेकिन ग्राम सभाओं के समायोजन को लेकर गतिरोध बरकरार है। राज्य निर्वाचन आयोग ने आंशिक ग्राम पंचायतों के समायोजन या विलोपन के लिए 30 सितंबर तक की तारीख निर्धारित की है, जबकि शासन से इस संबंध में अभी कोई निर्देश नहीं हुआ है।
हालांकि, अगले महीने से समायोजन की प्रक्रिया शुरू होने की बात कही जा रही है। यदि ऐसा हुआ तो पंचायतों के मर्जर एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम एक साथ होगा।
आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक अक्तूबर से शुरू हो जाएगा। वहीं विस्तार के बाद 101 ग्राम पंचायतें नगर निगम में चली गईं हैं। कई ग्राम पंचायतों के कुछ हिस्से नगर निगम में गए हैं। इसके अलावा तीन नए ब्लाक भी बनाए गए हैं। ऐसे में यहां ग्राम और क्षेत्र पंचायतों का बड़े स्तर पर समायोजन किया जाना है, लेकिन यह प्रक्रिया मतदाता सूची के पुनरीक्षण से पहले होनी है।
इसके विपरीत पंचायती राज विभाग की ओर से इसकी अभी कोई तैयारी नहीं है। एक अफसर का यह जरूर कहना है कि अगले महीने समायोजन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव का कहना है कि अभी परिसीमन के संबंध में कोई आदेश नहीं हुआ है। आदेश होते ही प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।