सिविल लाइंस बस अड्डे के बगल में पत्रिका मार्ग पर सालों से कब्जा जमाए मोटर मैकेनिकों को नगर निगम ने बुधवार को खदेड़ दिया। इसके साथ सरदार पटेल मार्ग पर हाटस्टफ चौराहा के पास पटरी पर लंबे समय से लग रही गुमटी भी ध्वस्त कर दी। इस कार्रवाई के दौरान एक महिला ने जबरदस्त विरोध किया। इसकी वजह से महिला पुलिस भी बुलाने पड़ी। निगम ने हार्ट स्टफ चौराहा पर ही एलगिन रोड पर सैमसंग शोरूम के सामने रोड पटरी पर लंबे समय से चल रही कॉफी की गुमटी भी ध्वस्त कर दी। इसके अलावा अन्य सड़कों पर भी अतिक्रमण हटाया गया।
अतिक्रमण प्रभारी एसएल यादव एवं अतिक्रमण निरीक्षक पीयूष मोहिले के नेतृत्व में निगम के दस्ते ने सुबह मेडिकल चौराहा, चंद्रशेखर आजाद पार्क के चारों ओर, पुलिस लाइन के सामने रोड पटरी पर गुमटियां ध्वस्त कीं। दोपहर में दस्ते ने सिविल लाइंस बस अड्डे के बगल में पत्रिका मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की। यहां दर्जनों मोटर मैकेनिक दशकों से सड़क पर कारों की मरम्मत का काम कर रहे हैं। सड़क पर दोनों ओर बड़ी संख्या में खटारा कार आदि सामान भी रखा था।
निगम एवं ट्रैफिक पुलिस ने यहां से चार-चार खटारा कारें जब्त कर ली, जबकि सामान रखने के लिए सड़क किनारे लगी गुमटियां तोड़ दी गईं।
इसके बाद दस्ता हाटस्टफ चौराहा पहुंचा। यहां साइंस शॉप के बाहर रोड पटरी पर काफी समय से गुमटी में चल रहे रेस्टोरेंट को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान एक महिला ने जबरदस्त विरोध किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिस भी बुलाई गई। दस्ते ने यहीं सैमसंग शोरूम के सामने गुमटी में चल रही कॉफी शॉप एवं जनरल स्टोर को भी ध्वस्त कर दिया। पूरे अभियान में 78 गुमटियां तोड़ी गई।