प्रयागराज। कटरा में मनमोहन पार्क चौराहे के पास सोमवार रात हुई बमबाजी की वारदात से व्यापारियों मेें जबरदस्त आक्रोश है। मंगलवार को यहां सैकड़ों की संख्या में जमा होकर व्यापारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। इस दौरान कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वारदात के विरोध में कटरा बाजार में दुकानें पूरी तरह बंद रहीं और सन्नाटा छाया रहा।
मनमोहन पार्क चौराहे के पास सुबह 11 बजे के करीब व्यापारियों का जमावड़ा शुरू हुआ। वैसे तो मंगलवार को कटरा बाजार बंदी का दिन है लेकिन, जिन व्यापारियोें ने प्रतिष्ठान खोले थे, वह भी दुकानें बंद कर चौराहे पर जमा हो गए। इस दौरान आरोप लगाया कि हॉस्टल के छात्र आए दिन बाजार में हंगामा, मारपीट करते हैं। लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं लेकिन, पुलिस प्रशासन इनके स्थायी निराकरण के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है। पार्षद आनंद अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह से बमबाजी की वारदात को अंजाम दिया गया, उससे व्यापारियों में दहशत है। ऐसे में जल्द से जल्द दोषियों पर कार्रवाई हो। व्यापारियों के प्रदर्शन की सूचना पर एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव व सीओ कर्नलगंज मौके पर पहुंचे और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। कहा कि इस अवधि में उपद्रवियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर वह सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। साथ ही अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंदी भी करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में कटरा बाजार के सुजीत जायसवाल, शेखर गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, गिरीश, अरुण जैन, राकेश आदि शामिल रहे।
व्यापारी ने दर्ज कराया रंगदारी मांगने का केस
प्रयागराज। कटरा में मनमोहन पार्क चौराहे के पास दो जनवरी को हुए विवाद में व्यापारी गौरव जायसवाल की ओर से रंगदारी मांगने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि शाम 6.30 बजे के करीब हिंदू हॉस्टल का आशीष यादव अपने 6-7 अन्य साथियों संग आया और रंगदारी मांगी। नहीं देने पर मारपीट करने लगा और चार हजार रुपये व सोेने की चेन लूटकर भाग निकला। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। बता दें कि इस विवाद में पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुकदमा लिखाया था।
पुलिस पर भी फेंके थे बम
प्रयागराज। दो जनवरी को व्यापारियों व छात्रों के बीच विवाद के बाद रात में गश्त के दौरान पुलिस पर भी बम फेंके गए थे। थाने के दरोगा अशोक कुमार की ओर से इस मामले में 8-10 अज्ञात युवकों पर मुकदमा लिखाया गया है। उनका आरोप है कि वह मयफोर्स गश्त पर थे तभी हिंदू हॉस्टल के पास युवकों ने बमबाजी की और खदेड़ने पर हॉस्टल के भीतर भाग निकले। इंस्पेक्टर ने बताया कि बम फोड़ने वाले युवकों को चिह्नित किया जा रहा है।
बमबाजी में 18 नामजद समेत 25 पर रिपोर्ट, तीन गिरफ्तार
प्रयागराज। कटरा में मनमोहन पार्क चौराहे पर एक दिन पहले हुई बमबाजी की घटना में पुलिस ने 18 नामजद समेत कुल 25 पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शेष बचे अज्ञात आरोपियों को चिह्नित करने के साथ ही अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। मनमोहन पार्क चौराहे पर सोमवार रात आठ बजे के करीब ताबड़तोड़ बमबाजी हुई थी। यहां 20-25 की संख्या में पहुंचे युवकों ने चौराहे पर स्थित राजरतन साड़ी शोरूम पर भी बम फेंके थे, जिसमें शोरूम पर लगे शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे। यही नहीं वहां मौजूद दुकानदारों व ग्राहकों पर भी हमला किया था। साथ ही चौराहे के पास मिले वाहनों में भी तोड़फोड़ की थी। व्यापारियों ने आरोप लगाया था कि बमबाजी करने वाले हिंदू हॉस्टल के छात्र थे, जिन्होंने दो जनवरी को हुए विवाद को लेकर उपद्रव किया। बता दें कि दो जनवरी को व्यापारी गौरव जायसवाल व हिंदू हॉस्टल के छात्र अभिषेक यादव के बीच विवाद हुआ था। मामले में देर रात कटरा चौकी प्रभारी की ओर से तहरीर देकर 18 नामजद समेत कुल 25 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। नामजद आरोपियों में मृदुल तिवारी, विकास राय, तेजस्वी सिंह, प्रभात द्विवेदी,अमन गुप्ता, सिद्धार्थ सिंह, राजीव यादव, शैलेष यादव, उत्कर्ष सिंह, राजीव रंजन सिंह, प्रकाश शुक्ला, अभिषेक द्विवेदी, विश्वजीत सिंह, श्रेयस सोनकर, दीप सिद्धार्थ यादव, अन्नू पासी, गौरव यादव व पंडित शामिल हैं। इनमें से अमन, गौरव समेत तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।
Outrage among traders, 48-hour ultimatum- फोटो : CITY DESK
Outrage among traders, 48-hour ultimatum- फोटो : CITY DESK
Outrage among traders, 48-hour ultimatum- फोटो : CITY DESK