शीशगढ़। बहगुल नदी से बंजरिया चौकी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध खनन की शिकायत ग्रामीण ने एडीजी से की है। उन्होंने खनन कर रेता ले जाते ट्रैक्टर ट्रॉली के फोटो और वीडियो भी एडीजी को सौंपे हैं।
शीशगढ़ के गांव बंजरिया निवासी शीशपाल ने एडीजी को दिए प्रार्थना पत्र में रामपुर के थाना खजुरिया निवासी युवक और उसके भतीजों पर बहगुल नदी से अवैध खनन का आरोप लगाया है। शीशपाल के मुताबिक अवैध खनन की शिकायत गांववाले कई बार पुलिस और राजस्व विभाग से कर चुके हैं, लेकिन सांठगांठ के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई। अवैध खनन करने वालों को पुलिस और राजस्व कर्मियों को पूर्ण संरक्षण प्राप्त है इसलिए वे ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से नहीं लेते। जबकि रोजाना ही यहां बड़े पैमाने पर अवैध खनन कर ट्रालियां भरी जाती है। खनन का इलाका रामपुर और बरेली के बीच होने से पुलिस एक दूसरे का क्षेत्र बताकर कार्रवाई से बचती रहती है। पत्र में कहा कि खनन बंजरिया चौकी के पास हो रहा है। रोजाना दर्जनों वाहन रेता ले जाते हुए पुलिस के सामने से गुजरते हैं, लेकिन पुलिस पकड़ने की जहमत नहीं उठाती। गांववाले विरोध करते हैं तो खनन करने वाले गुंडागर्दी करते हुए उनके साथ मारपीट करते हैं। उन्हें एलानिया धमकी देते हैं कि चौकी से लेकर तहसील तक वह अफसरों को मोटा पैसा देते हैं इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उन्होंने बहगुल नदी से खनन करने के वीडियो और फोटो भी एडीजी को सौंपे हैं। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह पचौरी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
अगर खनन हो रहा है तो कोई भी व्यक्ति किसी भी समय उन्हें सूचना दे। तुरंत अवैध खनन पकड़वाकर कार्रवाई की जाएगी। - ममता मालवीय, एसडीएम बहेड़ी