एमएलएन मेडिकल कॉलेज के एसआरएन अस्पताल में विशेषज्ञों ने पांच दिन में दूसरी बार ब्लैक फंगस संक्रमितों का ऑपरेशन किया। मंगलवार को एक महिला सहित दो मरीजों की सर्जरी की गई। दोनों मरीजों की सर्जरी में करीब छह घंटे लगे।
विभागाध्यक्ष नाक,कान, गला रोग विभाग डॉ. सचिन जैन के नेतृत्व में अन्य बिभागों के विशेषज्ञों की मौजूदगी में ब्लैक फंगस संक्रमितों का ऑपरेशन किया गया। इस दौरान ईएंडटी विशेषज्ञों के साथ न्यूरो, आई, प्लास्टिक सर्जन, बेहोशक सुबह 10.30 से शाम 4.30 बजे तक ओटी में ही डटे रहे। दोनों मरीजों की हालत स्थिर है, उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष में निगरानी के बीच रखा गया है।
मैक्जेक्टमी, दूरबीन विधि से की गई सर्जरी
ब्लैक फंगस पीड़ित एक महिला को नाक ही नहीं गले के साथ अन्य अंगों में संक्रमण का फैलाव दिखा। डॉ. सचिन के मुताबिक महिला की मैक्जेक्टमी और दूसरे संक्रमित का दूरबीन विधि से ऑपरेशन किया गया। उन्होने बताया कि संक्रमित हिस्सा निकालकर सफाई की गई। अब मरीज तेजी से संक्रमणमुक्त होंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले की गई सर्जरी भी दूरबीन विधि से की गई थी। वह मरीज 60 प्रतिशत संक्रमणमुक्त हो चुका है।
ब्लैक फंगस संक्रमितों की सर्जरी के लिए प्रोत्साहित करने वाले प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह, कोविड प्रभारी डॉ. मोहित जैन, सह प्रभारी डॉ. सुजीत सिंह ने सर्जरी टीम की अगुवाई कर रहे डॉ. सचिन का उत्साहवर्धन करने ओटी पहुंचे। सर्जरी टीम में डॉ. एनएन गोपाल, डॉ. राम सिया सिंह, डॉ. जागृति, डॉ. जीतेंद्र शुक्ला, डॉ.राजीव गौतम, डा. अमन ओहरी के साथ विभाग के रेजीडेंट, जूनियर डॉक्टर्स और स्टाफ नर्सें मौजूद रहीं।