डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के रायबरेली पहुंचने पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव से काफी कमजोर रहेगा। क्योंकि इस पार्टी के पास कार्यकर्ताओं की कमी है। कांग्रेस के पास सिर्फ फोटो खिंचवाने वाले ही नेता बचे हुए हैं। प्रियंका की सक्रियता के बावजूद भी कांग्रेस यूपी में खात्मे की तरफ बढ़ रही है। सपा का भी ज्यादा अच्छा हाल नहीं है। सपा चुनाव को लेकर बूथ का तो गठन कर रही है, लेकिन उसे यूथ नहीं मिलेगा।
सर्किट हाउस में रविवार को स्थानीय संवाददाताओं से हुई बातचीत में केशव मौर्य ने कहा कि प्रियंका गांधी भले ही प्रदेश की सभी 403 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दें, लेकिन उसका कहीं भी खाता नहीं खुलेगा। डिप्टी सीएम ने इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा बूथ पर यूथ नारा दिए जाने पर तंज भी कसा। कहा कि वह भाजपा के बूथ विजय अभियान की नकल कर रहे हैं। लेकिन उन्हें यह पता नहीं कि नकल तो की जा सकती है लेकिन नकल करके बराबरी नहीं हो सकती।