किसानों के दुश्मन पाकिस्तानी टिड्डी दल पर कृषि विभाग की ऑनलाइन नजर है। टिड्डी दल किस तरफ रुख कर रहा है, कितनी वेग में निकल रहा है, इसकी पल-पल की अपडेट विभाग की वेबसाइट व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के व्हाटसएप पर आ रही है। गूगल मैप के जरिए लखनऊ की टीम कृषि विभाग को पल- पल की अपडेट दे रही है। पाकिस्तानी टिड्डी दल पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश के बाद अब यूपी में दस्तक दे चुका है। यूपी के झांसी, ललितनगर के बाद आगरा में भी उसकी लोकेशन मिली है। यूपी में टिड्डी दल की दस्तक की खबर के बाद किसानों की मुश्किल बढ़ गई है। हालांकि टिड्डी दल को काबू करने को लेकर कृषि विभाग चौकन्ना है। जिले में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
टिड्डी दल की ऑनलाइन पल-पल की लोकेशन ली जा रही है। इसके लिए लखनऊ में कृषि विशेषज्ञों की टीम लगी हुई है। वह गूगल मैप के सहारे जिले में भी टिड्डी दल की लोकेशन को अपडेट कर रही है। कृषि विभाग की वेबसाइट व अधिकारियों एवं कर्मचारियों के व्हाट्सएप नंबर पर यह अपडेट आ रही है। ताकि जैसे ही जिले की तरफ टिड्डी दल रुख करे, इसकी जानकारी हो सके। इधर जिला कृषि विभाग द्वारा रानीगंज, पट्टी, लालगंज, कुंडा व सदर सहित सभी तहसीलों में ब्लाकवार टीमें गठित की गई है, जो किसानों को टिड्डी दलों से फसलों को बचाने के उपाय बताएंगी। जिला कृषि अधिकारी डा. अश्वनी सिंह ने बताया कि टिड्डी दलोें की लोकेशन ऑनलाइन ली जा रही है। सतर्कता बढाई गई है।
पाकिस्तानी टिड्डी दलों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट के बाद कृषि विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। टिड्डी दलों से निपटने के लिए 20 पावर स्प्रे व 200 लीटर कीटनाशक घोल तैयार कर लिया गया है। जैसे ही जनपद सीमा पर आने की सूचना मिलेगी, टीमें पावर स्प्रे के बौछार से उन्हें भागने का प्रयास करेंगी। जिला कृषि अधिकारी डा. अश्वनी सिंह ने बताया कि टिड्डी दलों से निपटने के लिए अभी से ही तैयारी है।