68500 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2018 को लेकर दूसरे व अंतिम दिन मंगलवार तक नए टीईटी उत्तीर्ण तथा आवेदन से वंचित 6651 से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। आवेदन शुल्क 16 मई तक जमा होंगे। वहीं ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने की अंतिम तिथि 17 मई को शाम 06 बजे तक है। इन आवेदनों में की गईं त्रुटियों में संशोधन के लिए 21 मई को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक का समय दिया गया है।
बता दें कि टीईटी-2017 के संशोधित परीक्षा परिणाम में सफल 4446 अभ्यर्थी भी 27 मई को होने वाली सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा में सम्मिलित होंगे। ऐसे में इनके लिए ऑनलाइन आवेदन का कार्यक्रम जारी किया गया है। साथ ही इसमें वे अभ्यर्थी भी शामिल किए जा रहे हैं, जिनका पूर्व में शैक्षिक प्रशिक्षण अंकों में त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के कारण आवेदन निरस्त कर दिया गया था। जिन अभ्यर्थियों को इस भर्ती परीक्षा के लिए पूर्व में प्रवेशपत्र जारी हो चुके हैं, उनको नया आवेदन करने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद आवेदन करने पर दोनों आवेदन निरस्त हो जाएंगे। इस भर्ती के लिए पूर्व में एक लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं।
डीएलएड में 16613 से अधिक पंजीकरण
इलाहाबाद। डीएलएड (बीटीसी) प्रशिक्षण-2018 के लिए अब तक 16613 से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। सूबे के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों व निजी संस्थानों में डीएलएड प्रशिक्षण के लिए पात्र अभ्यर्थी 23 मई को शाम 6 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने के लिए 11 मई को दोपहर से 24 मई को शाम 6 बजे तक का समय दिया गया है, जबकि 24 मई को ही पूर्ण आवेदन का प्रिंट आउट लेने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।