कटरा में मनमोहन पार्क के पास से शिक्षक के अपहरण मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी श्याम नारायण पांडेय जेल भेज दिया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि अपहृत शिक्षक रजनीकांत शुक्ला को भी 13 लाख रुपये की ठगी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने मुकदमा लिखकर यह कार्रवाई की। उधर कर्नलगंज पुलिस देर रात तक अपहरण के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी रही।
घटना एक दिन पहले हुई थी जब दिनदहाड़े असलहे के बल पर जूनियर हाईस्कूल के शिक्षक रजनीकांत शुक्ला को कार में खींचकर अगवा कर लिया गया था। जिसके बाद पुलिस ने करेली में घेराबंदी कर उसे मुक्त कराया था। मामले में देर रात कर्नलगंज पुलिस ने मुकदमा लिखा। मुकदमा भुक्तभोगी के साथी व सहकर्मी स्कूल लिपिक सचिन कुमार मिश्रा की तहरीर पर लिखा गया। जिसमें उसने आरोप लगया कि अपहरण में श्यामनारायण पांडेय व राहुल पांडेय समेत नौ लोग शामिल थे। पुलिस ने श्याम नारायण को मौके से ही गिरफ्तार किया था जिसे शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। कर्नलगंज इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि घटना में प्रयुक्त कार सीज कर दी गई है। प्रयुक्त असलहे के बारे में जानकारी मिली है कि वह श्याम नारायण के बेटे का है, जिसकी तलाश की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
रुपये लेकर मुकरा, खुद करा ली नियुक्ति
उधर अपहरण के मामले में जेल भेज गए श्याम नारायण के भाई के दामाद सुनील कुमार शुक्ला की ओर से शिक्षक रजनीकांत पर 13 लाख की धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया गया। आरोप है कि उनके चचिया ससुर श्याम नारायण ने 13 लाख रुपये अपनी पुत्री की नियुक्ति के लिए दिए। जिस पर रजनीकांत ने उक्त पद पर अपनी नियुक्ति करा ली। आरोप है कि दो दिन पहले खुद रजनीकांत ने उनके चाचा को रुपये वापस करने के लिए बुलाया था। इसी क्रम में जब बृहस्पतिवार को वह गए तो वहां कहासुनी हो गई। जिसके बाद उसने खुद घर चलकर बात करने की बात कही। सीओ करछना राजेश यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।