एक दौर ऐसा था, जब जिले में केवल तीन टेलीफोन हुआ करते थे। ब्रिटिश हुकूमत ने इसे कलक्ट्रेट, रेलवे सीएमई दफ्तर और म्यूनिसपल बोर्ड में अपनी प्रशासनिक सुविधा के लिए शुरू कराया था। अस्सी के दशक में शुरू हुई संचार क्रांति का नतीजा है कि आज हर हाथ में फोन है। टेलीफोन के कनेक्शन लेने के लिए रात से ही लाइन में लगने से लेकर आज 5-जी टेक्नोलॉजी का सफर दिलचस्प है।
अंग्रेजों के दौर में ही शहर में धीरे-धीरे प्रमुख दफ्तरों और नामचीन लोगों को टेलीफोन के कनेक्शन देना शुरू हुआ। उस समय टेलीफोन का कनेक्शन मिलना किसी सपने के पूरे होने जैसा था। कनेक्शन प्राप्त करने के लिए लोगों को सालों इंतजार करना पड़ता था। जिसके घर फोन लग गया, वह शहर का वीआईपी कहलाता था।
आज अकेले बीएसएनएल की बात करें तो शहर में 10349 टेलीफोन कनेक्शन, 6553 ब्राडबैंड कनेक्शन और 3.14 लाख मोबाइल कनेक्शन हैं। वहीं निजी कंपनियों के शहर में लाखों उपभोक्ता हैं। दूरसंचार विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शहर में आबादी के बराबर ही लोगों के पास कनेक्शन मौजूद हैं। इंटरनेट हर वर्ग के बीच पहुंच गया है।
गांव तक फैलाया जा रहा है नेटवर्क
बीएसएनएल के जनंसपर्क अधिकारी आशीष गुप्ता ने बताया कि अब शहरी उपभोक्ताओं के साथ-साथ ग्रामीण उपभोक्ता भी बीएसएनएल की हाईस्पीड फाइबर सेवा का जमकर लाभ ले रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन भारत फाइबर के माध्यम से दिया जा रहा है। प्रयागराज और कौशाम्बी के सभी 28 ब्लाकों में इस सेवा का लाभ उठाया जा सकता है। फाइबर की मौजूद इंटरनेट स्पीड 30 एमबीपीएस से लेकर 300 एमबीपीएस तक की है।
यहां पर है बीएसएनएल की फ्री वाई-फाई की सुविधा
त्रिवेणी संगम, रैन बसेरा (प्रयागराज जंक्शन), नगर निगम मुख्यालय, तेज बहादुर सप्रू अस्पताल (बेली), सिविल लाइंस बस अड्डा, कोतवाली (चौक), स्वरूप रानी अस्पताल (एसआरएन), जिला महिला अस्पताल (डफरिन), सुभाष चौराहा (वाणिज्य कर भवन), सिविल एयरपोर्ट (बम्हरौली)
ऐसे उठाएं सुविधा का लाभ
जिन दस स्थानों पर नगर निगम की ओर से बीएसएनएल ने फ्री वाई-फाई की सुविधा दे रखी है। वहां पर 100 मी. की दूरी तक मोबाइल यूजर अपने फोन में फ्री इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकते हैं। यूजर को अपने मोबाइल के वाईफाई ऑप्शन में जाना होगा। वहां पर नगर निगम प्रयागराज वाईफाई का नेटवर्क दिखाई देगा। इस पर क्लिक करना होगा, जिसके बाद नोटिफिकेशन के माध्यम से यूजर को एक लिंक प्राप्त होगा। लिंक पर क्लिक करने के बाद यूजर को अपना मोबाइल नंबर और नाम भरना होगा। इसके बाद मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा, जिसको सबमिट करने के बाद यूजर फ्री इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बीएसएनएल लगातार अपनी सेवाओं को अपग्रेड कर रहा है। प्राथमिकता उन हिस्सों को दी जा रही है, जहां किसी भी कंपनी की 4-जी सेवा उपलब्ध नहीं है। संगमनगरी के बीएसएनएल नेटवर्क के उपभोक्ताओं को इसी वित्तीय वर्ष में 4-जी सेवा का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। विभाग की ओर से जल्द ही शहर में इसका काम शुरू कराया जाएगा। - रमेश प्रसाद, महाप्रंबधक बीएसएनएल