कोतवाली के शहराराबाग में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर रिटायर कर्मचारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव (62) की हत्या कर दी गई। करीब डेढ़ दर्जन हमलावरों ने भोर में घर में घुसकर तोड़फोड़ की और पूरे परिवार को पीटा। मृतक के परिजनों ने मोहल्ले में ही रहने वाले तीन सगे भाइयों समेत चार को नामजद करते हुए 16 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
घटना 18 मार्च को भोर में हुई। मृतक के बेटे अंबुज ने पुलिस को बताया कि भोर में करीब तीन बजे हमलावर जबरन उसके घर में घुस आए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद कमरे के भीतर आकर परिवारवालों पर हमला बोल दिया। घर के एक -एक सदस्य को घेरकर पीटा। जो भी सामान मिला, उसे भी तोड़ दिया। पूरा घर तहस-नहस कर दिया। इसके बाद ऊपर सो रहे उसके वृद्ध पिता को भी गला पकड़कर सीढ़ियों से नीचे घसीट लाए। जिससे उनकी मौत हो गई।
हमलावर चाकू व बंदूकों से लैस होकर आए थे। शोरगुल मचने पर मोहल्ले वाले दौड़े तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ कोतवाली सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि अंकित, विकास उर्फगुड्डू, अमन चौरसिया व नितिन श्रीवास्तव को नामजद करते हुए 10-12 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में हत्या के अलावा मारपीट समेत अन्य धाराएं लगाई गई हैं।
इस बात को लेकर था विवाद
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी पक्ष की एक महिला चार-पांच महीने पहले कहीं चली गई। उधर मृतक का एक बेटा भी उसी समय से लापता है। आरोपियों को शक था कि महिला को वही अपने साथ ले गया है। सीओ कोतवाली ने बताया कि फिलहाल विवाद की यही बात सामने आई है। जांच पड़ताल की जा रही है।