उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जवाहर हत्याकांड का मुकदमा वापस लेने की अर्जी पर वादी पक्ष ने आपत्ति जताई है। वादी की ओर से कोर्ट में अर्जी देकर मुकदमे की सुनवाई जारी रखने और निर्णय सुनाने की मांग की गई है। अर्जी पर अभियोजन पक्ष की ओर से जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा गया है। कोर्ट ने आपत्ति संबंधी अर्जी की प्रति अभियोजन को भी देने का वादी को आदेश दिया है। मंगलवार को इस पर सुनवाई की जाएगी।
प्रकरण की सुनवाई एडीजे रमेश चंद कर रहे हैं। शासन का पक्ष रख रहे विशेष अधिवक्ता रणेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक प्रदेश सरकार ने जवाहर हत्याकांड का मुकदमा वापस लेने का अभियोजन को निर्देश दिया है। इस निर्देश पर केस वापसी की अर्जी कोर्ट में शनिवार को दी गई जिस पर पीड़ित पक्षकार के अधिवक्ता लल्लन सिंह यादव की ओर से सोमवार को आपत्ति प्रस्तुत की गई।
अभियोजन ने आपत्ति पर जवाब के लिए कॉपी दिलाए जाने की मांग की है। सुनवाई के दौरान करवरिया बंधु कोर्ट में उपस्थित रहे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश से प्रकरण की सुनवाई प्रतिदिन की जा रही है।
समर्थकों की रही भीड़
करवरिया बंधुओं पर केस वापसी की सरकारी कवायद से उनके समर्थकों में उम्मीद जगी है कि शायद करवरिया बंधुओं की जल्दी रिहाई हो सकेगी। हालांकि पूरा मामला कोर्ट के निर्णय पर निर्भर करेगा। इसके बावजूद सोमवार को कचहरी में सुनवाई के करवरिया समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। ऐहतियातन सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए थे। कचहरी में पर्याप्त संख्या में पुलिस तैनात की गई थी।