prayagraj news : डॉ. वीके सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रयागराज।
- फोटो : prayagraj
जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीके सिंह और सभी पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार 12 जुलाई को होगा। शपथ ग्रहण समारोह के बाद ही जिला पंचायत अध्यक्ष और सभी वार्ड प्रतिनिधि अपना काम शुरू कर देंगे। शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भी शामिल होने की संभावना है, हालांकि रविवार की देर शाम तक उनके प्रयागराज आगमन का शासन से कोई प्रोटोकाल जारी नहीं हुआ।
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलधिकारी संजय कुमार खत्री के निर्देश पर तमाम अफसर जिला पंचायत कार्यालय गए। इस दौरान पंचायत भवन में सुबह 11 बजे से होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को परखा गया। बता दें कि 13 जनवरी को ही जिला पंचायत का कार्यकाल पूरा हो गया था।
उसके बाद से ही जिलाधिकारी प्रशासक के रूप में जिला पंचायत का काम संभाल रहे हैं। फिलहाल छह महीने की देरी से नई पंचायत का गठन सोमवार को हो जाएगा। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह 11 बजे शुरू होगा। डीएम संजय कुमार खत्री के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह कोविड प्रोटोकाल के साथ कराया जाएगा।
ब्लॉक प्रमुख के शपथ ग्रहण की तारीख भी इसी सप्ताह
जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह के बाद इसी सप्ताह ब्लॉक प्रमुख का शपथ ग्रहण समारोह भी होगा। चर्चा है कि शपथ ग्रहण 15 जुलाई तक हो जाएगा। इसके लिए शासन के आदेश का इंतजार किया जा रहा है।