करनाईपुर क्षेत्र में बारिश के इंतजार में धान की रोपाई के लिए तैयार धान की नर्सरी
कई किसानों की नर्सरी तैयार होने के बाद अब वे धान की रोपाई के लिए बारिश और पानी का इंतजार कर रहे हैं। निजी पंप सेट से सिंचाई के सहारे कुछ किसानों ने 25 से 30 मई के बीच नर्सरी डाल दी थी लेकिन पर्याप्त पानी न मिलने से धान की रोपाई का कार्य ठप पड़ गया है। वहीं 1 से 8 जून के बीच नर्सरी डालने वाले किसान अभी इस इंतजार में हैं कि पौधा कम से कम 15 दिन का हो जाए ताकि यूरिया और डीएपी की टॉप ड्रेसिंग की जा सके।
किसानों का कहना है कि नहरों में 29 जून के बाद पानी आने की संभावना है, ऐसे में नहर पर निर्भर किसान फिलहाल रोपाई का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि समय से पहले खाद डालने पर पौध अधिक बढ़ सकती है, जिससे रोपाई के बाद पौध के गिरकर सड़ने की आशंका रहती है। जिन किसानों के पास निजी बोरिंग और पंप सेट से सिंचाई की सुविधा है, वे सीमित रूप से रोपाई कर रहे हैं। रामसजीवन सहित कई किसानों की नर्सरी तैयार है लेकिन पानी के अभाव में रोपाई रुकी हुई है।
- बारिश न होने से नर्सरी तैयार हो गई है लेकिन धान की रोपाई पूरी तरह रुक गई है। अगर समय पर बारिश हो जाए तो खेतों में पानी भरते ही रोपाई का कार्य तुरंत शुरू हो जाएगा और हम लोगों को राहत मिलेगी। राय साहब मोहनलाल भारतिया किसान, कहली सत्ती गांव
- हमलोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बारिश होते ही खेतों में पानी भर जाएगा और धान की रोपाई का कार्य तेजी से शुरू हो जाएगा, जिससे खेती को नई दिशा मिलेगी। किसान दुर्गा प्रसाद तेजपुर गांव