प्रयागराज पुलिस। सांकेतिक चित्र
- फोटो : अमर उजाला।
जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने नया अभियान शुरू किया है। अब तक सिर्फ थानों के हिसाब से टॉप-10 अपराधियों की सूची बनाई जाती थी। अब यह प्रक्रिया और प्रभावी ढंग से अमल में लाई जा रही है। इसके तहत अब जोनवार टॉप-10 अपराधी चिह्नित किए जाएंगे।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक थाने से टॉप-10 अपराधियों की पहचान कर पहले थानावार सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद संबंधित थानों की संयुक्त समीक्षा के आधार पर हर पुलिस जोन यानी गंगानगर, नगर व यमुनानगर से टॉप-10 अपराधियों का चयन कर जोन स्तरीय सूची तैयार की जाएगी।
जिले भर में यह अभियान शुरू कर दिया गया है। पूरे जनपद में कुल 41 थानों के जरिये 410 अपराधियों की पहचान की जा रही है। ये वह अपराधी हैं जो या तो लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हैं या जिनकी वजह से शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गंगानगर जोन में सूचीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वहीं नगर और यमुनानगर जोन में अपराधियों को चिह्नित करने का कार्य तेजी से चल रहा है।
पुलिस कमिश्नर ने सभी जोन के डीसीपी को सख्त निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्र से सूची जल्द तैयार कर मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। चिह्नित अपराधियों पर नजर रखने के साथ ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। उन पर गुंडा एक्ट, एनएसए और गैंगस्टर एक्ट जैसी धाराएं भी लगाई जा सकती हैं।
यह कदम जिले में कानून व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक प्रयास माना जा रहा है। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. अजयपाल शर्मा का कहना है कि पुलिस की नजर उन अपराधियों पर खासतौर से रहेगी जो बार-बार कानून व्यवस्था को चुनौती देते हैं।