भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने अंदावा में आयोजित किसान विराट सम्मेलन में खूब तालियां बटोरीं। अमित शाह के आने के तकरीबन 20 मिनट बाद पहुंचे केशव प्रसाद ने माइक थामते ही समाजवादी पार्टी को निशाने पर ले लिया। उन्होंने कहा कि यूपी में गुंडाराज, माफियाराज लागू है। कहा कि जब तक हम इलाहाबाद, कौशांबी की सभी 15 विधानसभा जीत नहीं लेते, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। यूपी में हमारा टारगेट 265 प्लस का है। केशव ने कहा कि जनता मुलायम और उनके कुनबे से ऊब चुकी है। इसलिए मेरी सलाह है कि मुलायम अपने परिवार के साथ अब सैफई चले जाएं।
केशव ने कहा कि प्रदेश में ये आलम है कि साइकिल का झंडा लगाकर गुंडे कुछ भी कब्जा कर लेते हैं। आम जनता अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही है। इसलिए अब समय आ गया है कि प्रदेश को सपा और बसपा से मुक्त कराया जाए। केशव ने यहां मोदी की स्टाइल में पब्लिक से संवाद किया। बीच-बीच में उन्होंने सवाल पूछकर वहां मौजूद लोगों से जवाब मांगा। केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ में भी उन्होंने कसीदे पढ़े। कहा कि पहले गरीब किसान इलाज के लिए अपनी जमीन आदि गिरवी रख देते थे। बाद में उसे छुड़ाना उनके बस में नहीं था।
मैं खुद इसका भुक्तभोगी हूं। एक बार मेरे पिताजी बीमार पड़े तो हमें अपनी जमीन पांच हजार रुपये में गिरवी रखनी पड़ी। इसलिए इस दर्द को बखूबी समझता हूूं। जमीन छुड़वाने के लिए चाय की दुकान खोलनी पड़ी। फिलहाल मजदूर, किसानों की इस समस्या को देखते हुए ही पीएम ने स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरूआत की। अब इस योजना का किसान एवं अन्य लोग लाभ उठा रहे हैं।
इलाहाबाद के सांसद श्यामा चरण गुप्ता ने मंगलवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि किसान और मजदूरों की बात करने वालीं मैडम सोनिया क्या गेहूं और जौ की बाली पहचान सकती हैं। श्यामा चरण यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि सिर्फ भाषणबाजी करने से ही कुछ नहीं होता। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने इस समय मौन धारण कर लिया है लेकिन भाजपा को यकीन है कि जनता का मौन विधानसभा चुनाव में टूटेगा और लोकसभा चुनाव की तर्ज पर प्रदेश में भाजपा भारी अंतर से जीतेगी।