पांच वर्ष पहले वाला माहौल नहीं, अब प्रदेश में कानून का राज
पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर सिद्धार्थ नाथ सिंह ने किया जनसंवाद
प्रयागराज। सूबे के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2017 के पहले शहर पश्चिमी में कैसा माहौल था यह बताने की जरूरत नहीं। शायद ही ऐसा कोई घर इस विधानसभा का हो जो गुंडों की वसूली और आतंक से परेशान न रहा हो। लेकिन अब पांच वर्ष पहले वाला माहौल नहीं है। प्रदेश भर में अब कानून का राज है। सिद्धार्थ नाथ ने यह बातें शहर पश्चिमी विधानसभा के कटहुला, बेगमपुर, पीपलगांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कहीं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र की हर समस्याओं से रूबरू होने के बाद यहां तमाम विकास के कार्य करवाए गए। जनसंवाद के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस की भी शिकायत की। बेगमपुर गांव में ग्रामीणों ने कहा बेहतर बिजली, कानून व्यवस्था का राज अब दिखने लगा है। इस दौरान सिद्धार्थ नाथ ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मिशन के तहत बमरौली क्लस्टर में ग्राम भगवतपुर, मंदर देह माफी, मोहिउद्दीनपुर भरेठा, अकबरपुर सल्लाहपुर, हटवा उपरहार, अहमदपुर असरौली के लिए कूड़ा गाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर एसडीएम सदर सौरभ भट्ट, उपायुक्त उद्योग एके चौरसिया, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी रामऔतार यादव, श्रीप्रकाश तिवारी, दिनेश भारतीय, ज्ञान बाबू केसरवानी, शिवबाबू भारतीय, पार्षद अखिलेश सिंह, मिथिलेश सिंह, दिनेश तिवारी आदि मौजूद रहे।