मुंबई से भी आसान नहीं है राह
दिल्ली की तरह मुंबई रूट से आने वाली तमाम ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची के साथ नो रूम ने लोगों को परेशान कर दिया है। सिविल लाइंस के विवेक सिंह जो कल्याण में काम करते हैं, उन्हें दिवाली के मौके पर प्रयागराज आना है, लेकिन मुंबई से आने वाली किसी भी ट्रेन में उन्हें कंफर्म बर्थ नहीं मिल पा रही है। इसी तरह राजरूपपुर के अनिकेत श्रीवास्तव को भी पुणे से आना है। अनिकेत ने बताया कि वह दो माह से प्रयास कर रहे हैं, लेकिन किसी भी ट्रेन में उन्हें कंफर्म बर्थ नहीं पा रही है।
आसमान छू रहा फ्लाइट का किराया
दिल्ली, मुंबई रूट से आने वाली ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची और नो रूम के बाद विमान से आने का भी विकल्प है, लेकिन प्रयागराज आने वाले सभी फ्लाइटों में पर्व के पहले ही किराया आसमान छूने लगा है। पूणे, मुंबई, बंगलूरू से आने वाली फ्लाइट का किराया 20 अक्तूबर के बाद से ही 20 हजार तक हो गया है। यही हाल दिल्ली से आने वाली फ्लाइट का भी है।
आनंद विहार, लोकमान्य तिलक स्पेशल चलाने का अब तक नहीं हुआ एलान
दिवाली के मौके पर रेलवे द्वारा प्रयागराज से आनंद विहार एवं लोकमान्य तिलक टर्मिनल के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जाती है। रेलवे द्वारा अभी तक इन ट्रेनों के संचालन का एलान नहीं किया गया है।