जार्जटाउन स्थित तारण ताल में अभी भी भरा हैं बारिश का पानी।
- फोटो : अमर उजाला।
अल्लापुर में साकेत अस्पताल के पास सड़क धंसने और सीवर चैंबर क्षतिग्रस्त होने के बाद दूसरे दिन भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। मुख्य सीवर लाइन की निकासी प्रभावित होने से आसपास के कई मोहल्लों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। राहत के लिए पंपिंग बढ़ाई गई है। इससे पानी निकालने की गति कुछ बढ़ी है लेकिन लोगों को अब तक पूरी तरह से राहत नहीं मिल सकी है। क्षेत्र में पानी अब भी भरा है। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पार्षद शिव सेवक सिंह, सिंटू सिंह, अनिल मौर्य, अजीत कुमार अधिशासी अभियंता नगर निगम सहित टीम मौजूद रही।
12 साल से बंद नाले की सफाई शुरू
बक्शी बांध पंपिंग स्टेशन से लेकर संजय नगर मलिन बस्ती तक करीब 12 वर्षों से बंद पड़े नाले की सफाई का कार्य शुरू हो गया है। पार्षद शिव सेवक ने बताया कि नाला काफी समय से बंद था जिससे क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या बनी हुई थी। मेयर और नगर आयुक्त के संज्ञान में मामला आने के बाद नाले की सफाई का कार्य शुरू कराया गया है। सफाई होने के बाद क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
रामबाग रेलवे स्टेशन पर भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला।
महापौर ने जोन-पांच का किया निरीक्षण, जलभराव पर भड़के
प्रयागराज। महापौर गणेश केसरवानी ने बृहस्पतिवार को नगर निगम जोन-पांच में जलभराव और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी की खराब व्यवस्था पर अधिकारियों को फटकार लगाई। महापौर ने नैनी चक रघुनाथ वार्ड, स्टेशन रोड, जहांगीराबाद, खरकौनी एवं लोकपुर मार्ग का भ्रमण किया। वहीं, निरीक्षण के बाद महापौर ने जाेन कार्यालय में पार्षदों और स्थानीय निवासियाें के साथ बैठक भी की।
फुलवारी गांव के रास्ते में भरा पानी
कटहौला-गौसपुर एयरपोर्ट के पास फुलवारी गांव जाने वाले रास्ते पर बारिश के बाद पानी भर गया है। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। निवासियों ने बताया कि कि जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी रास्ते में ही भरा रहता है। निवासी धर्मपाल प्रजापति ने बताया कि बारिश होते ही रास्ते में पानी भर जाता है। निवासी दीपक कुमार ने बताया कि हर बारिश में यही समस्या होती है। पानी के साथ होने से कीचड़ भी हो जाता है। वहीं पीपलगांव वार्ड-पांच की दीपिका जैसल ने बताया कि सड़क और नाली निर्माण का प्रस्ताव नगर निगम में करीब दो महीने पहले ही दिया जा चुका है। समस्या को देखते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।