माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान अनावश्यक दबाव कम करने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज जंक्शन पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री नहीं होगी। रेलवे और प्रशासनिक व्यवस्था के अनुसार, सभी प्रमुख स्नान पर्वों, उसके एक दिन पहले और एक दिन बाद यानी कुल 18 दिन जंक्शन पर यात्रियों को केवल सिटी साइड से ही प्रवेश दिया जाएगा, जबकि निकासी सिविल लाइंस साइड से ही होगी।
इन विशेष दिनों में स्टेशन के प्रवेश द्वारों पर टिकट की जांच के बाद ही यात्रियों को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। भीड़ को अलग-अलग श्रेणियों में व्यवस्थित करने के लिए आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के प्रवेश के लिए अलग द्वार तय किया गया है ताकि लंबी दूरी और आरक्षित ट्रेनों के यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों को सिटी साइड स्थित यात्री आश्रय संख्या एक से चार तक रूट वार प्रवेश दिया जाएगा। इससे अलग-अलग दिशाओं में जाने वाले यात्रियों की कतारें सुव्यवस्थित बनी रहें।
प्रमुख स्नान पर्वों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री नहीं होगी। स्नान पर्वों पर सिटी साइड से यात्रियों को प्रवेश देने की तैयारी है। निकासी सिविल लाइंस साइड से होगी।
- अमित कुमार सिंह, पीआरओ, प्रयागराज मंडल