prayagraj news : बदमाशों की पिटाई से घायल वृद्ध महिला।
- फोटो : prayagraj
सेवानिवृत्त रेलवे अफसर के घर में लूटपाट करने वाले बदमाशों को बुजुर्ग दंपती पर रहम नहीं आया। यही वजह रही कि घर में लूटपाट करने से पहले उन्होंने दोनों को बेरहमी से पीटा भी। सेवानिवृत्त अफसर की पत्नी के चेहरे पर मौजूद चोट के निशान उनके साथ हुई बर्बरता की दास्तां बयां कर रहे थे। चोटों के चलते दर्द की वजह से भी बार-बार उनकी आंखें भर आ रही थीं।
बेरहमी से पिटाई में 63 वर्षीय ज्योति श्रीवास्तव के चेहरे पर चोटें आईं थीं। उनकी दाहिनी आंख में गहरा जख्म हुआ था। जिससे उसमें खून भी जम गया था। आंख के नीचे का हिस्सा भी पिटाई से काल पड़ गया था। माथे पर भी चोट के निशान थे और उन्होंने बताया कि घसीटने के चलते कमर में भी चोट आई है। यह भी बताया कि कमरे में घसीटने के बाद लुटेरों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
एक लुटेरे ने उनके पति के माथे पर असलहा सटाया तो उन्होंने रोकने की कोशिश की। जिस पर बदमाश और ज्यादा आक्रामक हो गए और उन्हें लात-घूंसों से पीटकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद साड़ी का पल्ला उनके मुंह में बांधकर उन्हें कमरे में रखी चौकी के नीचे धकेलना चाहा। कुछ देर बाद उन्हें व उनके पति को धकेलते हुए दाहिनी ओर बने कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। चोटिल हालत में वह मिन्नतें करती रहीं लेकिन लुटेरों को रहम नहीं आया।
पीटते हुए पूछते रहे- कहां हैं रुपये
ज्योति ने पुलिस को बताया कि बदमाश पिटाई करते हुए उनसे पूछते रहे कि उन्होंने रुपये कहां रखे हैं। आलमारी से नगदी-गहने लूटने के बाद वह यह भी चर्चा करते रहे कि उन्हें तो घर में लाखों रुपये होने की सूचना मिली थी। पुलिस का मानना है कि फिलहाल यह लग रहा है कि लुटेरों को घर के बारे में किसी ने जानकारी दी थी। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है।
दो घरेलू महिला कर्मचारी हिरासत में, पूछताछ जारी
घटनास्थल का मुआयना व प्रारंभिक जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने रिटायर्ड अफसर के घर काम करने वाली दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। जिनसे देर रात तक पूछताछ जारी रही। दरअसल सेवानिवृत्त अफसर के घर कुल तीन महिलाएं काम करती हैं। इनमें से एक खाना बनाने, दूसरी बर्तन धोने व तीसरी साफ-सफाई का काम करती है। तीनों घर के आसपास ही रहती हैं। इनमें से दो तो बुलाने पर पुलिस के सामने आ गईं लेकिन एक के बारे में पता चला कि वह शादी में बाहर गई है। पुलिस ने एक महिला के पति से भी पूछताछ की।