prayagraj news : रितेश केशरवानी (फाइल फोटो)।
- फोटो : prayagraj
कोतवाली क्षेत्र के चौक निवासी फर्नीचर कारोबारी रितेश केशरवानी ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पुलिस का कहना है कि व्यापारी ने घरेलू विवाद में यह कदम उठाया।
चौक निवासी रितेश (44) पुत्र इंद्रसेन फर्नीचर का व्यवसाय करते थे। चौक में नीम के पेड़ के पास उनकी दुकान है। इसी बिल्डिंग में वह परिवार समेत रहते भी थे।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को उनकी दुकान का बाहर से सामान आया था। रात 11 बजे के करीब खाना खाने के बाद वह नीचे बने गोदाम में चले गए। करीब एक घंटे बाद उनकी पत्नी पहुंची तो उन्हेें फंदा पर लटका देख उनकी चीख निकल गई। तब तक अन्य परिजन भी आ गए और उन्हें फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव मर्चरी भेजवाया।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में जानकारी मिली कि व्यापारी जल्दी गुस्सा हो जाया करते थे। शुक्रवार रात किसी बात को लेकर उनका पत्नी से विवाद हुआ था। जिसके बाद वह नीचे चले गए। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ है। उधर, शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। रितेश की दो बेटियां व एक बेटा है।