जेईई मेंस का रिजल्ट जारी होने के साथ ही आईआईटी छोड़कर देश के सभी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थानों (ट्रिपलआईटी) और केंद्रीय तकनीकी संस्थानों में बीटेक में प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया छह अक्तूबर से शुरू होगी। पहले चरण के लिए सीट आवंटन की प्रक्रिया 17 अक्तूबर से शुरू होगी। अबकी बार केंद्र सरकार ने शैक्षिक सत्र 2020-21 में देशभर के सभी एनआईटी, ट्रिपलआईटी और केंद्रीय तकनीकी संस्थानों में प्रवेश की जिम्मेदारी मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) को दी है।
सीसैब के चेयरमैन और एमएनएनआईटी के निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी ने बताया कि 11 सितंबर को जेईई मेंस का परिणाम जारी होते ही सेंट्रल सीट एलोकेशन बोर्ड (सीसैब) ने प्रवेश की प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू कर दी। बताया, जेईई एडवांस 27 सितंबर को प्रस्तावित है। एडवांस का रिजल्ट पांच अक्तूबर को आएगा।
पांच अक्तूबर को परिणाम की घोषणा के बाद छह अक्तूबर से नए सत्र में बीटेक में दाखिले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं च्वाइस सेलेक्शन शुरू हो जाएगा। पहले मॉक च्वाइस लॉकिंग और सीट आवंटन की प्रक्रिया होगी, यह प्रक्रिया 16 अक्तूबर तक चलेगी। 17 अक्तूबर को प्रथम राउंड के लिए सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। सीसैब चेयरमैन ने बताया कि प्रवेश की सारी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। कोरोना के चलते इस बार छात्रों को घर बैठे ऑनलाइन काउंसलिंग में शामिल होना होगा और डाटा वेबसाइट पर अपलोड करना होगा।