इलाहाबाद। निरंजन डॉट पुल से चौक क्षेत्र की ओर से जाने वाले शुक्रवार को बुरे फंस गए। भीषण जाम के कारण कड़ी धूप में सड़क पर ही लोग मोटरसाइकिल, रिक्शा और चार पहिया वाहनों में फंसे रहे। जानसेनगंज की ओर से हालत ऐसी हो गई बीच में फंस गए स्कूल बच्चे धूप और प्यास से बिलबिला उठे। पूरी दोपहर पुल के दोनों ओर घंटों जाम लगा रहा। इसे लेकर लोग रेलवे और नगर निगम को कोसते रहे।
बताते हैं कि कुछ दिन पहले जानसेनगंज पुल के ऊपर एक डीजल इंजन खराब हो गया था। इसका पूरा मोबिल ऑयल बस गया जो पुल के नीचे सड़क पर फैल गया। इसके कारण सड़क पर काफी फिसलन हो गई। राहगीर गिरने लगे तो नगर निगम ने तेल को सूखने और चिकनाई खत्म करने के लिए बालू की मोटी परत डाल दी। बालू पड़ने से दोनों तरफ आवागमन में व्यवधान पड़ने लगा। भीषण जाम लगने पर निगम के छोटे लोडर के जरिए बालू हटाने का काम शुरू किया गया। इस दौरान ट्रैफिक को रोक दिया गया।
बालू हटाने में करीब दो-तीन घंटे लग गए। इस दौरान सिविल लाइंस की ओर से चौक क्षेत्र की ओर जाने और आने वाले लोग फंसे रहे। स्कूलों की छुट्टी होने के बाद जानसेनगंज, कल्याणी देवी, हीवेट रोड, मीरापुर की ओर जाने वाले स्कूली बच्चे भी जाम में फंस गए। रेलवे अफसरों का कहना है कि बालू उन्होंने नहीं डाला। सीपीआरओ बिजय कुमार का कहना है कि तेल सूखने के लिए नगर निगम ने बालू डाला है। रेलवे का इससे कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल, जाम से शहरियों का बुरा हाल रहा।