इलाहाबाद। गंगा अवतरण का पर्व गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में संगमक्षेत्र रामघाट पर गंगा महोत्सव का आगाज मंगलवार को प्रतिमा स्थापना से हुआ। अविरल, निर्मल एवं स्वच्छ संगम क्षेत्र के लिए शपथ और संकल्प पत्र भराया गया। जयकारों से संगम क्षेत्र गूंजता रहा।
हरिहर आरती समिति की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रम का उद्घाटन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी नरेंद्र गिरि ने किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य पुरोहितों ने प्रतिमा स्थापना कराई। प्राणप्रतिष्ठा पूजा अर्चना के बाद पियरी सुहा सामग्री भोग प्रसाद अर्पित किया गया।
बहुपात्रों से महाआरती हुई। गंगा मइया की जय का घोष करते हुए श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। सांस्कृतिक संध्या में गायक हरे राम द्विवेदी ने भजन सुनाए। ‘विनती सुन लो हनुमान जी...’, ‘कल कल बहे पुण्य की धारा...’, ‘सीता-राम सीता-राम कहिए...’ ‘गंगा तोरी लहरि बसै के मन भावे...’, ‘गंगा मइया तोहे पियरी...’, ‘चलो चलो गंगा नहाय स्वर्ग से सिधारी गंगा...’, ‘शिव की जटा में समानी...’ आदि ने उपस्थित लोगों को भाव विभोर किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष सुरेश चंद्र, महासचिव अवधेश चंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष संजय कुमार, प्रमोद पांडेय, लालजी यादव, मनोज मिश्रा, अजीत कुमार गुप्ता, मिठाई लाल, राधेश्याम वर्मा, संजय मेहरोत्रा, कैलाशचंद्र मिश्रा, नरेंदद्रकुमार मौर्या आदि उपस्थित रहे।