ngbu will conduct online exams from 29th June
प्रयागराज। कोविड-19 के दौर में एक तरफ तमाम विश्वविद्यालय और कॉलेज तय नहीं कर पा रहे हैं कि परीक्षा कराएं या नहीं, वहीं नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय (एनजीयूबी) ने ऑनलाइन परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी। एनजीबीयू में 29 जून से ऑनलाइन परीक्षा कराए जाने का निर्णय लिया है। परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर मॉक टेस्ट भी उपलब्ध करा दिया गया है।
एनजीबीयू की ओर से अंतिम वर्ष एवं सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश तिवारी ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा के कराने मामले में एनबीयू संभवत: प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश का पहला डीम्ड विश्वविद्यालय होगा। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा के दौरान सभी छात्र-छात्राएं जहां हैं, उसी स्थान से अपने मोबाइल या कंप्यूटर सिस्टम द्वारा लॉगिन कर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। खास यह कि परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं पर नजर रखने के लिए तकनीकी सहायक (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिये नजर रखी जाएगी। ऑनलाइन परीक्षा के बारे में छात्र-छात्राओं को पहले ही सूचना दी जा चुकी है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर मॉक टेस्ट को भी उपलब्ध कराया गया है, जहां छात्र-छात्राएं परीक्षा देने की प्रक्रिया को लगातार अभ्यास कर रहे हैं।