कृषि प्राविधिक सहायक के 3446 पदों पर भी होनी है भर्ती
अभ्यर्थी जब यूपीएसएसएससी पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि अब उन डेढ़ सौ अभ्यर्थियों का डाटा भी यूपीपीएससी से लेना पड़ेगा, जो पुरानी भर्ती को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हुई याचिका में प्रतिवादी थे। ऐसे ओवरएज अभ्यर्थियों को भी नई भर्ती में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। अब सवाल उठ रहे हैं कि यूपीएसएसएससी ने जब 906 अभ्यर्थियों का डाटा मांगा था तो प्रतिवादी रहे अन्य डेढ़ सौ अभ्यर्थियों को क्यों छोड़ दिया।
अब इन डेढ़ सौ अभ्यर्थियों के डाटा के लेनदेन को लेकर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू की गई है। अभ्यर्थियों को यूपीएसएसएससी के अफसरों ने बताया कि डेढ़ सौ अभ्यर्थियों का डाटा लेने के लिए यूपीपीएससी को पत्र भेज दिया गया है, एक सप्ताह में यूपीपीएससी को पत्र मिल जाएगा और वहां से डाटा प्राप्त होने के तीन दिन के बाद कृषि प्राविधिक सहायक के 3446 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर भर्ती शुरू कराने की मांग
प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी प्रशांत पांडेय का कहना है कि पहले यह भर्ती यूपीपीएससी के माध्यम से होती थी, लेकिन इस बार यूपीएसएसएससी को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यूपीपीएससी की जितनी भर्तियां यूपीएसएसएसी को सौंपी गई हैं, वे सभी फंसी हुई हैं। समिति की ओर से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मांग की गई है कि कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती पूर्व की भांति यूपीपीएससी कराए या यूपीएसएसएससी एक सप्ताह के भीतर नई भर्ती का विज्ञापन जारी करे।