जिले के विकास खंडों में बुधवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत सात नवागत खंड विकास अधिकारियों को तैनाती दी गई, जबकि पांच अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए। इस फेरबदल में सबसे अधिक चर्चा कौंधियारा ब्लॉक की रही जहां शिकायतों के बाद मौजूदा बीडीओ डॉ. कंचन यादव को पद से हटाकर उसी ब्लॉक में संयुक्त खंड विकास अधिकारी की जिम्मेदारी सौंप दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. हर्षिका सिंह ने बताया कि नवागत अधिकारियों में जिज्ञासा भारतीय को कौड़िहार, अभिलाषा को चाका, सोनम सरोज को सोरांव, कुमारी सपना को शृंग्वेरपुर, गिरजेश कुमार को सैदाबाद, अभिषेक श्रीवास्तव को फूलपुर और देवेंद्र सिंह को प्रतापपुर ब्लॉक का नया खंड विकास अधिकारी बनाया गया है।
स्थानांतरण सूची में राजेश कुमार को चाका से उरुवा भेजा गया है। अमित कुमार को फूलपुर से करछना स्थानांतरित करते हुए कौंधियारा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, प्रतापपुर से संजीव रतन को बहादुरपुर और बहादुरपुर से आनंद पांडेय को संयुक्त खंड विकास अधिकारी सैदाबाद बनाया गया है।
प्रशासनिक गलियारों में कौंधियारा ब्लॉक का बदलाव सबसे ज्यादा चर्चा में है। सूत्रों के अनुसार, डॉ. कंचन यादव के खिलाफ मिली शिकायतों के बाद उन्हें बीडीओ के पद से हटाकर उसी ब्लॉक में ज्वाइंट बीडीओ की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि ब्लॉक का प्रभार दूसरे अधिकारी को सौंपा गया है।