फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नसों में दौड़ रहा रोमांच, जेहन में जश्न की तैयारी

Sun, 18 Jun 2017 01:55 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
चैंपियंस ट्राफी के फाइनल मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों का रोमांच एक बार फिर चरम पर है। मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच होने की वजह से उत्साह और रोमांच जुनून की हद तक जा पहुंचा है। हर कोई  जीत-हार की चर्चा में जुटा है तो दुआओं का दौर भी शुरू हो गया है। इसके साथ स्टेडियम समेत कई स्थानों पर बड़े स्क्रीन पर मैच देखने की भी व्यवस्था की गई है। ज्यादातर लोग भारत की दावेदारी को मजबूत बता रहे हैं। उत्साही युवाओं ने जश्न की भी तैयारी की है। हालांकि, क्रिकेट प्रेमियों का एक वर्ग ऐसा भी है जो पाकिस्तान को कम नहीं आंक रहा। मैच से एक दिन पहले सट्टेबाजी का बाजार भी चरम पर रहा।
विज्ञापन


चैंपियन ट्राफी के लीग मैच में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है। इसके चलते भारत के हौसले ज्यादा बुलंद है। खेल प्रेमियों का कहना है कि मैच में भारत के हारने का सवाल ही पैदा नहीं होता। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के क्रिकेट कोच देवेश मिश्र कहते हैं कि मैच में भारत की जीत 99 फीसदी तय है। उन्होंने बताया कि भारत की बैटिंग लाइन फार्म में है। रोहित शर्मा, धवन और कप्तान विराट कोहली बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, मदन मोहन मालवीय स्टेडियम के क्रिकेट प्रशिक्षक कौशिक पाल कहते हैं कि बल्लेबाजी के साथ क्षेत्ररक्षण और गेंदबाजी भी पाकिस्तान से बहुत बेहतर है। टीम का कप जीतना तय है। उपक्रीड़ाधिकारी रूस्तम खान कहते हैं कि भारत की जीत के बाद स्टेडियम में जमकर ढोल-नगाड़े के साथ जश्न और आतिशबाजी होगी। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने भी जश्न की तैयारी की है। खिलाड़ियाें ने इसके लिए पटाखाें की बुकिंग की है। कटरा, कर्नलगंज, तेलियरगंज, सिविल लाइंस, चौक समेत तमाम बाजारों में लगाई जाने वाली बड़ी स्क्रीनों से खेल प्रेमी मैच का लुत्फ उठा सकेंगे।  

मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे क्रिकेटर भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर खासा उत्साहित हैं। उदयीमान क्रिकेटर प्रथम मिश्रा, रोहित सेन, ध्रूव प्रताप सिंह, अनुज सिंह, वैभव पाल आदि का कहना है कि ट्राफी पर तो भारत का ही कब्जा होगा। क्रिकेटराें का दावा है कि भारतीय टीम पाकिस्तान की टीम के मुकाबले बहुत बेहतर है। कोई अजूबा हो तो बात अलग है।
विज्ञापन


भारत की जीत के लिए मंदिरों में जहां पूजा-पाठ का दौर शुरू हो गया है, वहीं दरागाहों में दुआएं भी मांगी गईं। प्रयास संस्था के अध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव की अगुवाई में करेली नयापुरा स्थित काली देवी मंदिर में सुंदरकांड और शिव का अभिषेक कराया गया। इस मौके पर गुड्डू पंडा, तनु निषाद, अभय साहू, राजेश कुशवाहा, मुकेश साहू, धीरज मेहरोत्रा, संजय पंडा, डॉ. अमित, आलोक, राम नारायण मौर्या, सतीश आदि मौजूद रहे। भारत के मैच जीतने के लिए प्रार्थना की गई। प्रतियोगी छात्र आदर्श त्रिपाठी, सौरभ स्वरूप, विवेक त्रिपाठी आदि ने शनिवार को बड़े हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-पाठ की और भारत की जीत की कामना की। क्रिकेट प्रेमियों ने इलाहाबाद जंक्शन स्थित लाइन शाह बाबा की दरगाह पर भारत की जीत की दुआएं मांगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें