पूर्व ब्लाक प्रमुख चाका एवं माफिया दिलीप मिश्रा के औद्योगिक क्षेत्र के मिर्जापुर राजमार्ग पर सरस्वती हाईटेक सिटी के सामने स्थित तीन मंजिला मकान ध्वस्त करने में प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से घोर लापरवाही बरती गई। जिसका नतीजा यह रहा कि मंगलवार शाम को सात बजे के आस-पास एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया।
हालांकि इसमें पड़ोसी का मकान भी जमीनदोज हो गया। जिससे पड़ोसी का पूरा परिवार इस ठंड में सड़क पर आ गया। मौके पर मौजूद पीडीए के अधिकारी एवं पुलिस वाले यह कहकर चले गए कि उनका जो भी नुकसान हुआ होगा, उसकी क्षतिपूर्ति की जाएगी। माफिया दिलीप मिश्रा के आईटीआई कंपनी के समीप स्थित तीन मंजिला के मकान के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई ममें बरती जा रही लापरवाही मंगलवार शाम होते-होते पड़ोस में रहने वाली महिला गीता देवी के परिवार के लिए विपत्ति लेकर तो आई। मौके पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
औद्योगिक क्षेत्र के सरस्वती हाइटेक सिटी के सामने मिर्जापुर राजमार्ग पर करीब 350 वर्गगज में बने तीन मंजिला मकान का ध्वस्तीकरण प्रयागराज विकास प्राधिकरण की तरफ से 23 नवंबर को शुरू कराया गया था। सोमवार को ध्वस्तीकरण का कार्य पूरा नहीं हो पाया था। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की तरफ से मंगलवार को मकान के बचे हिस्से को ध्वस्त करने की प्रक्रिया दोपहर में एक बजे के करीब शुरू हुई।
शाम को सात बजे के करीब तक नीचे के हिस्से की चारों दीवारों को तोड़ कर तीन मंजिले मकान को पिलर पर खड़ा कर दिया गया। उसके बाद जेसीबी से पिलरों को तोड़ना शुरू किया गया। पिलर तोड़ने के दौरान ही पूरा का पूरा तीन मंजिला मकान अचानक गली की तरफ पलट गया। जिसमें एक जेसीबी मशीन दब गई। हालांकि वहां खड़े करीब दो दर्जन लोगों ने वहां से भागकर अपनी जान बचा ली।
उसी दौरान दिलीप मिश्रा के बगल में रहने वाले महुआरी गांव निवासी स्वर्गीय मान सिंह का एक मंजिला मकान भी जमीनदोज हो गया। अच्छा था कि जिस समय मकान गिरा, उस वक्त मान सिंह के दोनों बेटे आशीष सिंह, मनीष सिंह, बहू गीता सिंह अपने दो साल के बेटे के साथ बाहर थे, इसलिए उनकी जान तो बच गई लेकिन घर और गृहस्थी नष्ट हो गई।
आशीष के चचेरे भाई सुनील सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पूरा मकान ढहने से परिवार सड़क पर आ गया है। फिलहाल वहीं टेंट लगाकर रहने का जुगाड़ बनाया जा रहा है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने परिवार को आश्वासन दिया कि बुधवार को सुबह पीडीए के अधिकारी आकर उनके मकान का मूल्यांकन कर उनकी क्षतिपूर्ति कराएंगे। इंस्पेक्टर औद्योगिक क्षेत्र चंद्रभान सिंह ने बताया कि पड़ोसी का मकान गिर गया है। पीडीए के अधिकारियों ने मुआवजा देने को कहा है। एक जेसीबी मशीन दब गई थी लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ है।