कोरोना के पहले चल रही ट्रेनों में से 98 फीसदी ट्रेनें अब एक बार फिर से उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन में दौड़ने लगी हैं। एनसीआर के प्रयागराज, झांसी एवं आगरा मंडल में कोरोना के पहले 794 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा था, इसमें 774 ट्रेनों का संचालन अब शुरू हो गया है। इससे यात्रियों को भी बड़ी राहत मिली है। वित्तीय वर्ष 2021-22 की बात करें तो जोन में लगातार बढ़ रही ट्रेनों की संख्या की वजह से कुल 5.95 करोड़ यात्रियों ने यहां सफर किया।
एनसीआर जोन में कोरोना काल के वित्तीय वर्ष 2020-21 की तुलना की जाए तो 2021-22 मेेें 252 फीसदी की उल्लेखनीय वृद्धि हुई। तब 1.69 करोड़ यात्रियों ने ही एक वित्तीय वर्ष में यात्रा की। वित्तीय वर्ष की समाप्ति के साथ प्राप्त हुए संभावित आंकड़ों के अनुसार उत्तर मध्य रेलवे ने वर्ष 2021-22 में यात्री यातायात से 1812 करोड़ रुपये का अर्जन किया। पिछले वर्ष की तुलना में 799.36 करोड़ की अर्जित आय से 127 फीसदी अधिक है।
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने इस उपलब्धि पर अफसरों को बधाई दी। एनसीआर के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा कहते हैं कि जोन की 182 में से 120 सवारी गाड़ी (पैसेंजर/मेमू) की शुरुआत हो चुकी है। इसके अलावा क्लोन, हॉलीडे को जोड़ लिया जाए तो जोन में 844 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें अब चल रही हैं। एनसीआर ने पार्सल और लगेज लदान से उल्लेखनीय अर्जन किया। पार्सल ट्रैफिक 48.69 मीट्रिक टन था जबकि 2021-22 में यह 88 प्रतिशत बढ़कर 91.3 मीट्रिक टन हो गया।