यूपी बोर्ड परीक्षा में शनिवार को पहली पाली में संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) की अध्यक्षता में मंडलीय सचल दल ने छह परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था पाए जाने पर जेडी दिव्यकांत शुक्ल ने शीतलादीन इंटर कॉलेज बगबना, चाका केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा, वायस रिकार्डिंग बंद पाए जाने और पूर्व की परीक्षाओं की रिकार्डिंग नहीं दिखा पाने पर परीक्षा केंद्र को डिबार किए जाने की संस्तुति की है।
जेडी के निरीक्षण के समय शीतलादीन इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के साथ ही ज्ञान भारती इंटर कॉलेज चकदाउद नगर केंद्र पर अव्यवस्था पाए जाने पर कॉपियों की स्क्रीनिंग की सिफािरश की है। साथ ही उन्होंने श्री डी सिंह इंटर कॉलेज नैनी परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था देखकर उत्तर पुस्तिकाओं को सील-पैक कराने के साथ बंडल वाहक से राजकीय इंटर कॉलेज भेजा।
वहीं जेडी ने राम प्रसाद एकेडमी सीओडी चाका, राज नारायण तिवारी इंटर कॉलेज नैनी, राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन इंटर कॉलेज महेवा का निरीक्षण किया। इन परीक्षा केंद्रों पर कोई अनियमितता नहीं मिली।
कक्ष निरीक्षकों के पास मिला मोबाइल, डीआईओएस को निर्देश
यूपी बोर्ड परीक्षाओं में मोबाइल पर पूरी तरह की रोक के बाद भी परीक्षा केंद्रों के भीतर कक्ष निरीक्षक बिना रोकटोक मोबाइल लेकर आ रहे हैं। शनिवार को अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान जेडी दिव्यकांत शुक्ल को अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर कक्षनिरीक्षकों के पास मोबाइल मिले। जेडी ने केंद्र व्यवस्थापकों को चेतावनी देने के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक को इस पर रोक लगाने का निर्देश दिया। कहा, शासन की ओर से मोबाइल पर पूरी तरह से रोक के बाद भी कक्ष निरीक्षक उसे लेकर अंदर पहुंच रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश के दूसरे जिलों से प्रश्नपत्र आउट होने की सूचना मिल रही है।