पुरानी रंजिश या जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या
बड़ा चाका निवासी बृजेश सिंह की हत्या के मामले में छोटा चाका निवासी दीपू शर्मा व उसके चार भाइयों व पिता पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। परिजन हत्या का कारण रंजिश बता रहे हैं। लेकिन पुलिस जमीनी विवाद को लेकर भी जांच पड़ताल में जुटी है। सूत्रों की मानें तो धनुहा गांव निवासी एक भू माफिया से गांव की एक जमीन को लेकर बृजेश का कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसको लेकर कई बार दोनों पक्षों में पंचायत भी हुई थी, लेकिन मामला नहीं सुलझ सका। पुलिस हत्या के पीछे इस विवाद को लेकर भी जांच पड़ताल में जुटी है।
रात में ही परिजनों ने कर दिया था अंतिम संस्कार
बृजेश सिंह का उसके परिजनों ने बृहस्पतिवार रात की दारागंज में अंतिम संस्कार कर दिया था। पोस्टमार्टम के बाद रात करीब दस बजे उसका शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। शुक्रवार को करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद बृजेश के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों का आश्वासन दिया कि किसी भी आरोपी को बक्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर चाका अध्यक्ष पृथ्वी पाल सिंह, प्रदीप तिवारी, बाल गोविंद दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद
बृजेश और दीपू के बीच कई बार हो चुका था विवाद
बृजेश स्टेशन पर वेंडर का काम कराने के साथ साथ टैक्सी भी चलवाता था। उसका और आरोपी दीपू शर्मा के बीच इसके पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। बीते फरवरी में किसी बात को लेकर बृजेश और दीपू के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्ष में मारपीट व हवाई फायरिंग हुई थी। कुछ ग्रामीणों को कहना है कि जुए की फड़ के पैसे को लेकर दोनों के बीच अदावत शुरू हुई थी, जो बढ़ती चली गई। बीते 25 अप्रैल को बृजेश द्वारा दीपू शर्मा के खिलाफ ऑनलाइन शिकायत की गई थी। जिसमें पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 107, 16 की कार्रवाई भी की थी। संवाद
घटना के समय स्टेशन पर लगा सीसीटीवी कैमरा था खराब
मलहरा ओवरब्रिज के नीचे बाइक सवार बदमाश बृजेश को गोली मारने के बाद नैनी स्टेशन की पीछे वाली रोड से भागे थे। लेकिन प्लेटफार्म नंबर चार के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब था।