इलाहाबाद। अरहर दाल की बेतहाशा बढ़ती कीमतों के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए इलाहाबाद गल्ला तिलहन व्यापार मंडल आगे आया है। व्यापार मंडल ने पहल कर बुधवार को लोगों को सस्ती अरहर दाल उपलब्ध कराई है।
इसके लिए मुट्ठीगंज स्थित गाजीगंज दाल मंडी में दो दुकानें खोली गई हैं। यहां अरहर दाल स्पेशल 150 रुपये और अरहर दाल रूला 120 रुपये प्रतिकिलो की दर से उपलब्ध कराई जा रही है। व्यापार मंडल ने बैठक कर निर्णय लिया है कि आवश्यकता पड़ने पर शहर के अन्य इलाकों में भी ऐसी दुकानों खोलने की योजना बनाई है। उधर, स्वच्छ वसुंधरा सोसाइटी ने सीएम को पत्र लिखकर दाल की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ छापेमारी की मांग की है।
बुधवार को भी फुटकर बाजार में अरहर दाल 180-200 रुपये प्रतिकिलो तक बिकी। इस बीच गल्ला तिलहन व्यापार मंडल के तत्वावधान में मुट्ठीगंज में दाल व्यापारियों की बैठक हुई, जिसमें आम लोगों को कम कीमत पर दाल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश केसरवानी ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों और सटोरियों की वजह से दाल की कीमतें बढ़ी हैं।
देश में दाल की पैदावार कम हुआ है और सरकार ने समय रहते इसका आयात कर लिया होता तो यह स्थिति न होती। बैठक में राजेंद्र जायसवाल, अनिल केसरवानी, वेद प्रकाश केसरवानी, बच्चा लाल केसरवानी, पिंटू जायसवाल, राजन केसरवानी, रमेश चंद्र केसरवानी, नरेश चंद्र जायसवाल, नवीन केसरवानी, पुरुषोत्तम दास जायसवाल, अजय केसरवानी आदि शामिल थे।
जिला प्रशासन भी अब आम लोगों को सस्ती दाल उपलब्ध कराएगा। मंडलायुक्त राजन शुक्ला और डीएम संजय कुमार के निर्देश के बाद बुधवार को खाद्य विभाग और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक अखिलेश ओझा की अध्यक्षता में संगम सभागार में बैठक हुई। बैठक में व्यापार मंडल की ओर से बताया गया कि मुट्ठीगंज स्थित गाजीगंज मंडी में दो दुकानें खोलकर कम कीमत पर दाल बेची जा रही है।
बैठक में तय हुआ कि 23 अक्तूबर से कर्मचारी कल्याण निगम की दुकानों से भी सस्ती दर पर दाल की बिक्री शुरू होगी। इसके साथ निगम मोबाइल वैन से भी जगह-जगह सस्ती दर पर दाल बेचेगा। बैठक में एडीएम आपूर्ति प्रेम प्रकाश पाल, डीएसओ संजीव कुमार समेत वाणिज्य कर, जिला खाद्य विपणन एवं मंडी समिति के अधिकारी मौजूद थे।