पिछले कुछ दिनों के दौरान आलू, प्याज एवं अन्य हरी सब्जियों के दाम में थोड़ी कमी आने से भले ही राहत मिली हो लेकिन तेल एवं रिफाइंड के बढ़ते दाम ने लोगों को एक बार फिर से परेशान करना शुरू कर दिया है। रिफाइंड एवं सरसों के तेल के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बीते तीन की तुलना करें तो थोक में ही सरसों के तेल में प्रति टीन 400 रुपये की बढ़त हुई है।
अच्छी पैदावार, फिर भी बढ़ रहे दाम
प्रयागराज एवं पूर्वांचल समेत पूरे देश में सरसों की अच्छी पैदावार हुई है। बावजूद इसके गल्ला मार्केट में सरसों का रेट प्रति क्विंटल दो सौ रुपये बढ़ गया है। इसके चलते सरसों तेल का रेट बढ़ गया है। सितंबर में सरसों का तेल 110-115 रुपये प्रति किलो मिल रहा था, लेकिन अब दिसंबर माह में सरसों के तेल का रेट 140-150 रुपये हो गया है।
आजाद नगर के कारोबारी दीपक केसरवानी अनुसार बड़े स्तर के कारोबारियों द्वारा कालाबाजारी की जा रही है, जिसके चलते सरसों का तेल महंगा हो गया है। शहर के बाजार में ब्रांडेड और लोकल सरसों तेल उपलब्ध है, दोनों में तेजी है। इसी तरह देश में मलेशिया, वियतनाम और नेपाल से पॉम ऑयल आता है लेकिन कोरोना के चलते लंबे समय से भारत के बंदरगाह पर इसकी आवक कम हो गई है। लेकिन इसकी डिमांड लगातार बनी है। इस वजह से सोयाबीन एवं पॉम ऑयल में प्रति किलो 20 से 30 रुपये बढ़ गए हैं।
चीनी के दाम में भी बढ़ोतरी
बीते एक माह के दौरान चीनी के दाम में भी बढ़ोत्तरी हुई । थोक में पिछले माह चीनी का दाम 3500 रुपये क्विंटल था, जो अब 3600 रुपये क्विंटल हो गई है। इस वजह से फुटकर बाजार में चीनी का रेट 42 रुपये किलो तक हो गया है। अरहर दाल का दाम थोक में 89 से 93 रुपये तक हो गया है, जबकि पिछले सप्ताह थोक में अधिकतम रेट 90 रुपये किलो था। इलाहाबाद गल्ला तिलहन व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश केसरवानी ने बताया कि तेल, रिफाइंड, चीनी का दाम भले ही बढ़ा हो लेकिन आटा, मैदा, सूजी आदि के दाम स्थिर हैं।
30 तक पहुंचा आलू, अभी और गिरेंगे दाम
कई माह तक 40 से 50 रुपये किलो तक बिकने वाला आलू का दाम गिरने से लोगों को खासी राहत मिली है। रविवार को खुल्दाबाद, गऊघाट, आजाद नगर आदि सब्जी मंडी में आलू का रेट 30 रुपये किलो तक रहा। इसी तरह टमाटर, प्याज, मटर 40-40 रुपये किलो, गोभी प्रति नग 10 से 20 रुपये तक बिकी। मुंडेरा मंडी के आढ़ती सतीश कुशवाहा ने बताया कि आलू के दाम अभी और गिर सकते हैं। मंडी में आलू पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।