शहर के प्रमुख पथरचट्टी, पजावा एवं दारागंज रामलीला कमेटियों ने शनिवार को विधिविधान से मुकुट पूजा की। कमेटियों के पदाधिकारियों ने मुकुट पूजन के बाद दशहरा उत्सव सकुशल संपन्न होने के लिए प्रार्थना भी की। वहीं बाल रामलीला समिति की ओर से रामलीला का शुभारंभ गणेश पूजन से हुआ।
श्रीपथरचट्टी रामलीला कमेटी की ओर से हीवेट रोड स्थित राममंदिर में वेद मंत्रों के साथ मुकुट पूजन किया। कार्यकारी अध्यक्ष पं. मुकेश पाठक की अगुवाई में कमेटी के पदाधिकारियों ने 21 पुरोहितों के निर्देशन में पूजन अर्चन किया। मंदिर परिसर में स्थित गणेश जी, शिवजी, हनुमान एवं दुर्गा जी का पूजन-अर्चन के बाद शोभायात्रा निकाली गई। बसंतलाल आजाद, सुरेशचंद्र अग्रवाल, कन्हैया लाल गुप्त, गिरधारी लाल अग्रवाल गाजे-बाजे के साथ मुकुट लेकर चले। शोभायात्रा चमेली देवी धर्मशाला होते हुए बादशाही मंडी स्थित स्व. नत्थू लाल जड़िया के आवास पहुंच कर समाप्त हुई। इस अवसर पर सतीश चंद्र केशरवानी, रमेश कुमार जायसवाल, धर्मेंद्र कुमार भइया जी, रामचंद्र पटेल, महेंद्र कुमार गुप्ता, उमा लाल पांडेय, गोपाल जी केसरवानी, विजय वैश्य, राजीव गुप्त आदि उपस्थित थे। प्रवक्ता लल्लू लाल गुप्त के मुताबिक 20 सितंबर को कर्णघोड़ा जुलूस राजसी वैभव के साथ निकाला जाएगा। कथा राम राज की का मंचन 21 सितंबर को आरंभ होगा। रामदल 30 सितंबर को पारंपरिक सजधज के साथ निकलेगा।
पजावा रामलीला कमेटी की ओर से शाहगंज स्थित राममंदिर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न का मुकुट पूजन पुजारी बाबा गोपाल दास के आचार्यत्व में 21पुरोहितों द्वारा हुआ। इसके पहले रानी मंडी स्थित बच्चा जी की कोठी से शोभायात्रा निकाली गई। सबसे आगे हनुमान जी की चौकी थी बैंडबाजा, ध्वजा पताका के बीच भगवान राम सहित चारों भाईयों के मुकुट लेकर कमेटी के पदाधिकारी थे। जय श्री राम के घोष करते हुए सभी राममंदिर पहुंचे। बाबा गोपाल दास ने भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न को दीक्षा दी और मर्यादा में रहने का संकल्प कराया।
इस अवसर पर मोहन जी टंडन, श्याम जी अग्रवाल, राजेश मेहरोत्रा, सचिन गुप्ता, पवन मालवीय, अनिल कसेरा, आदित्य टंडन, अमिताभ टंडन, केशव प्रसाद, राजन, चिंतामणि राम जी मालवीय, रामजी केसरवानी आदि उपस्थित थे। दारागंज रामलीला कमेटी की ओर से मुकुट पूजन के साथ ही भगवान के वस्त्र एवं अस्त्र-शस्त्र का पूजन दारागंज स्थित बक्शी खुर्द स्थित कमेटी के शृंगार भवन में हुआ। लीला संयोजक स्वामी शिवमंगल दास के निर्देशन में पुरोहित श्रवण कुमार दुबे विधिविधान से पूजा की । अध्यक्ष कुल्लू यादव, महामंत्री जितेंद्र गौड़ सहित कमेटी के पदाधिकारियों ने दशहरा उत्सव के सकुशल संपन्न होने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर संरक्षक ध्रुव नारायण शुक्ल, जितेंद्र गौड़, अखिलेश निराला, अरविंद पांडेय, काली संयोजक राहुल यादव, राजा मुन्ना, भुल्लू यादव आदि उपस्थित थे। मीडिया प्रभारी तीर्थराज पांडेय के मुताबिक रविवार को आकाशवाणी लीला से रामलीला मंचन की शुरूआत होगी।
श्री कटरा रामलीला कमेटी की ओर से लंकापति रावण की शोभा यात्रा पूरे राजसी ठाठ के साथ निकाली गई। सबसे आगे ढोल-नगाड़ा बजाकर लंकेश की सवारी आने की सूचना दी जा रही थी। हाथी पर चांदी के हौदे पर सवार लंकापति रावण, मयूर रथ पर महारानी मंदोदरी, मेघनाद, विभीषण , कुंभकर्ण चांदी के रथ पर सवार थे। घोड़े पर सवार अधीनस्थ राजा लंकापति रावण की जयजयकार करते हुए चल रहे थे। शाही बैंड की धुन पर नाचती राक्षसी सेना और चौकियां थी। जिसमें रावण द्वारा तपस्या, दरबार, शिव तांडव, दशानन का वरदान मिलना आदि प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया था। शोभा यात्रा भारद्वाज आश्रम से निकलकर विश्वविद्यालय मार्ग से नेतराम चौराहा, लक्ष्मी टाकीज चौराहा, कचहरी डाकखाना होते हुए पुन: कटरा चौराहा से मनमोहन पार्क होते हुए रामवाटिका में समाप्त हुई। शोभायात्रा की शुरूआत भगवान शिव के पूजन अर्चन के साथ हुई। लंकेश ने विधिविधान से पूजा की और कमेटी के पदाधिकारियों ने लंकेश की आरती उतारी। अध्यक्ष सुधीर गुप्ता की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में गोपाल बाबू जायसवाल, अश्वनी केसरवानी, मयंक अग्रवाल, शंकरलाल चौरसिया, विनोद केसरवानी, राकेश चौरसिया, विनोद कुमार गुप्ता, महेश चंद्र केसरवानी, राजेंद्र चौरसिया, प्रमोद साहू, संजय गुप्ता, अशोक कौशल आदि शामिल रहे।