एमटीएस पहले चरण की परीक्षा का
रिजल्ट घोषित, 11.11 लाख सफल
एसएससी ने जारी की उत्तरी कुंजी जारी, दूसरे चरण की परीक्षा 24 नवंबर को
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने मल्टी टॉस्किंग स्टॉफ (एमटीएस) परीक्षा 2019 पहले प्रश्नपत्र का परिणाम जारी कर दिया है। एसएससी की ओर से दो से 22 अगस्त के बीच हुई पहले चरण की परीक्षा में पंजीकृत 38.58 लाख परीक्षार्थियों में से कुल 19.19 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। आयोग की ओर से जारी परिणाम में दो अलग-अलग श्रेणी में कुल 111162 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इसमें 18 से 25 वर्ष की आयु वर्ग में कुल 84778 और 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग में कुल 26384 अभ्यर्थी सफल हुए।
आयोग की ओर से एमटीएस पहले चरण की परीक्षा की उत्तर कुंजी पांच नवंबर को ही जारी कर दी गई। परीक्षार्थी चार दिसंबर तक उत्तर कुंजी वेबसाइट से अपलोड कर सकते हैं। इस अवधि के दौरान अभ्यर्थी उत्तर कुंजी का प्रिंट आउट ले सकते हैं। आयोग की सूचना में कहा गया कि पहले चरण की परीक्षा में सफल अभ्यर्थी एमटीएस दूसरे चरण की 24 नवंबर को होने वाली परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा से 14 दिन पहले अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी दे दी जाएगी। परीक्षार्थी परीक्षा से चार दिन पहले प्रवेशपत्र आयोग के क्षेत्रीय केंद्रों की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग की ओर से परीक्षा में पास और फेल अभ्यर्थियों के अंक ssc.nic.in पर अपलोड कर दिए जाएंगे। घोषित परिणाम में 12 उम्मीदवारों की दावेदारी निरस्त कर दी गई है। इनका परिणाम बाद में घोषित किया जाएगा।