इलाहाबाद(ब्यूरो)। तंबाकू पर विवादित बयान देने वाले भाजपा सांसद एवं बीड़ी व्यापारी सांसद श्यामाचरण गुप्त के आवास के पर बृहस्पतिवार को कांग्रेसियों ने सड़े टमाटर फेंके। विवादित बयान के साथ भूमि अधिग्रहण बिल को भी कांग्रेसियों ने मुद्दा बनाया और सांसद के घर के सामने नारेबाजी कर विरोध जताया। हंगामा बढ़ने पर फोर्स पहुंची तो कांग्रेसी वहां से निकल गए। फोर्स के पहुंचने से पहले कार्यकर्ताओं की सांसद के सुरक्षा कर्मियों से धक्कामुक्की भी हुई।
बृहस्पतिवार सुबह सांसद श्यामाचरण गुप्त बालसन चौराहा स्थित अपने आवास पर थे। इसी बीच तमाम कांग्रेसी उनके घर के सामने पहुंच गए। सभी कांग्रेसी तंबाकू पर दिए गए सांसद के विवादित बयान एवं भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। शोरशराबा सुनकर सुरक्षाकर्मी सांसद आवास से बाहर आए और कार्यकर्ताओं को वहां से हटाने की कोशिश की। कांग्रेसी नहीं माने और सुरक्षा कर्मियों से धक्कामुक्की करने लगे।
इसी धक्कामुक्की में कांग्रेस नेता हसीब अहमद और श्रीशचंद्र दुबे ने सड़े टमाटर सांसद के घर पर फेंकने शुरू कर दिए। हंगामा बढ़ने पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई तो कांग्रेसी वहां से निकल गए। सांसद के घर के सामने प्रदर्शन करने वालों में डॉ. असलम, जितेंद्र मिश्र, जिशान अहमद, फारुक खान, प्रशांत आनंद, अमित सिंह, अखिलेश्वर मिश्र, दिवाकर चौधरी, वैभव मिश्र आदि शामिल रहे।