इलाहाबाद। दूरस्थ शिक्षा से बीटीसी का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके दूसरे चरण के शिक्षामित्रों के सहायक अध्यापक बनाने के आदेश पर बृहस्पतिवार को शिक्षामित्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटी।
उप्र प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में एकत्र होकर हर्ष व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष वसीम अहमद ने कहा कि 15 अप्रैल से 25 अप्रैल तक काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी करते हुए 30 अप्रैल तक नियुक्ति पत्र देने के निर्देश दिए हैं। लंबे संघर्ष के बाद शिक्षामित्रों को यह सफलता मिली है। जिले में 1745 शिक्षामित्र सहायक अध्यापक बनेंगे।
इस मौके पर मीडिया प्रभारी संतोष कुमार शुक्ल, सुरेंद्र पांडेय, मुकेश पटेल, जनार्दन पांडेय, सुनील तिवारी, विनय सिंह समेत काफी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे। आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शिक्षामित्रों ने सुभाष चौराहे पर मिठाइयां बांटकर खुशी जताई। अध्यक्ष अश्वनी त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक बनाना संगठन के संघर्ष का परिणाम है। इस दौरान जिलामंत्री अरुण सिंह, राजकुमार, टीटू, शारदा शुक्ला, पीयूष, विनस त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।