समय की पटरी से उतरी ट्रेनें, दोपहर पौने बारह बजे पहुंची प्रयागराज
कोहरे ने दिल्ली-हावड़ा रूट की ट्रेनों को समय की पटरी से उतार दिया है। बीते एक पखवारे से प्रयागराज जंक्शन पर दिल्ली रूट से आने वाली ट्रेनों का संचालन गड़बड़ाया हुआ है। यह हाल तब है जब उत्तर मध्य रेलवे के सभी 600 से ज्यादा इंजनों में फॉग सेफ्टी डिवाइस लगी हुई है। डिवाइस लगे होने के बावजूद वीआईपी ट्रेन प्रयागराज मंगलवार को दोपहर पौने बारह बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंच सकी।
बीकानेर-प्रयागराज एक्सप्रेस नौ घंटे की देरी से दोपहर दो बजे जंक्शन आई। वही संगम एक्सप्रेस भी दोपहर एक बजे के बाद ही जंक्शन पहुंची। विलंब से आने की वजह से शाम को मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस 2.15 घंटे की देरी से रात आठ बजे रवाना किए जाने की तैयारी की गई है। इसके पूर्व नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से सुबह 11.20 बजे आई। प्रयागराज-डा अंबेडकर नगर एक्सप्रेस भी मंगलवार को रीशेड्यूल की गई। जो दोपहर 3.20 की जगह रात आठ बजे रवाना की गई।