मिश्रा बांध जारी चौकी के पास बरेठिया में मृतक पंकज झा की फाइल फोटो
एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बृहस्पतिवार को सुबह बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। युवक बहन के घर से लौट रहा था।
करछना थाना क्षेत्र के मुंगारी गांव निवासी पंकज झा (48) बारा क्षेत्र के कपड़ौरा गांव में अपनी बहन के घर गए थे। सुबह लगभग आठ बजे वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बरेठिया गांव के पास महाराष्ट्र से प्रयागराज जा रही कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पंकज उछलकर हाईवे के डिवाइडर की ओर जा गिरे। आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत नजदीकी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि कार सवार लोग महाराष्ट्र से प्रयागराज गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। कार सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।