शनिवार को सूरज फुल फार्म में दिखा। सुबह सात बजे के बाद सूरज की शह पर पारे ने जो रफ्तार पकड़ी वह 45 डिग्री के पार जाकर ही थमी। शनिवार को तापमान ने मई में अब तक के अपने उच्चतम स्तर को छुआ। दिन के ही नहीं रात के पारे में भी दो डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। इससे लोगों का दिन में बाहर निकलना तो मुहाल ही रहा। रात की नींद भी गायब हो गई। रविवार को भी थोड़ा सावधान रहें क्योंकि मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रविवार को पारा नए रिकार्ड बना सकता है।
शनिवार को पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह शुक्रवार के 44 डिग्री से 1.3 डिग्री अधिक रहा जबकि रात का पारा शुक्रवार के 26.6 डिग्री के मुकाबले 1.9 डिग्री बढ़कर शनिवार को 28.5 पर पहुंच गया। मई में पहली बार पारा 45 पार गया है। इसके पहले अप्रैल में चार बार पार 45 के पार गया था। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पारे का इतना बढ़ना बारिश के लिए अच्छा संकेत है।
प्री मानसून के पूरे आसार बने हुए हैं। पारा चढ़ने से शहर में निमभन वायुदाब का केंद्र बनेगा, जिससे दक्षिणी-पश्चिमी मानसून जल्द आएगा। फिलहाल शनिवार को पारा 45 के पार जाने से लोग सुबह नौ बजे के बाद बाहर निकलने से बचते रहे। जो लोग निकले वे गर्मी में उबल पड़े। जो लोग बाहर निकले वे राहत पाने के लिए छांव की तलाश करते रहे। गर्मी बढ़ने से नमी में भी कमी दर्ज की गई। अधिकतम नमी एक दिन पहले के 83 फीसदी से घटकर 66 पर आ गई जबकि न्यूनतम 24 से घटकर शनिवार को 22 फीसदी पर आ गई। नमी के घटने से गर्मी ज्यादा मारक रही।